Site icon World's first weekly chronicle of development news

यूपी में निकलेंगी1.5 लाख भर्तियां

The reduced rates of GST will give a booster dose to the health and infrastructure of Uttar Pradesh
ब्लिट्ज ब्यूरो

लखनऊ। नए साल में यूपी सरकार पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत करीब आधा दर्जन से अधिक विभागों में खाली डेढ़ लाख पदों पर भर्ती करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में बुलाई उच्च स्तरीय बैठक में अफसरों से विभागवार खाली पदों की ब्योरा तलब किया है। योगी ने समीक्षा के बाद वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को 1.5 लाख सरकारी नौकरी देने की अनुमति दे दी है। ये पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास समेत आदि विभागों में दी जाएगी। सर्वाधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी। इसके साथ में योगी सरकार की सबसे अधिक सरकारी नौकरी देने का रिकॉर्ड बनाने की योजना है।
दस साल में रिकॉर्ड नौकरियां
सूत्रों की मानें तो सरकार वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में करीब 50-50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगी। पुलिस विभाग द्वारा 30 हजार आरक्षी, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती की जाएगी।
राजस्व में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जबकि कारागार, आवास विकास, बाल विकास पुष्टाहार, स्वास्थ्य विभाग में भी खाली पद भरे जाएंगे। अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन जारी करने के काम अंतिम चरण में हैं। कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार ने साढ़े आठ वर्षों में विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख सरकारी नौकरियां दी हैं।
पुलिस विभाग में अब तक 2.19 लाख पद भरे गए
स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों में 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। अलग-अलग आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कुल नई भर्तियां करीब डेढ़ लाख होंगी। ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लिए पुलिस में अब तक 2.19 लाख पदों पर भर्ती की गई हैं।
शिक्षा विभाग में 50 हजार पदों पर भर्तियां
शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों से पता चला है कि शिक्षा विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती होगी। यह भर्ती सहायक अध्यापक से लेकर लेक्चरर, प्रधानाचार्य आदि पदों पर होगी। राजस्व विभाग में 20 हजार पदों, जिसमें सबसे ज्यादा लेखपालों के पदों पर भर्ती की जाएगी।

Exit mobile version