World's first weekly chronicle of development news

लाओस में साइबर ठगों के जाल मुक्‍त कराए गए 47 भारतीय

47 Indians freed from cyber thugs' net in Laos

नई दिल्ली। अच्छी नौकरी के लालच में भारतीयों का लाओस में जाना और फिर किसी फर्जीवाड़े का शिकार होकर वहां फंस जाना आम हो गया है। ऐसे ही एक ट्रैप में पिछले कई महीनों से फंसे 47 भारतीयों को भारतीय दूतावास ने साइबर स्कैम सेंटर्स से छुड़ाया है। ये लोग लाओस के बोकेओ प्रांत में फंसे हुए थे।

एशिया के दक्षिण पूर्व में भारत से करीब 1721 किलोमीटर दूर 75 लाख की आबादी वाला एक छोटा सा देश है लाओस। यह दक्षिण पूर्वी एशिया का इकलौता लैंडलॉक्ड देश है। यानी इस देश की कोई भी सीमा समुद्र से जाकर नहीं मिलती है, नतीजन इसे समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करने के लिए चीन, कंबोडिया, वियतनाम, थाइलैंड या म्यांमार पर निर्भर रहना पड़ता है। इन 5 देशों के साथ लाओस का बॉर्डर है।

635 भारतीयों को बचा चुका है दूतावास
यह पहली बार नहीं है, जब इतनी बड़ी तादाद में भारतीयों को लाओस से छुड़ाया गया है। इससे पहले भी ऐसे कई मौके आ चुके हैं। भारतीय दूतावास के मुताबिक अब तक लाओस से ऐसे 635 भारतीयों को बचाया गया है जो जॉब स्कैम में फंसकर लाओस में प्रताड़ना का शिकार हो रहे थे।

ऐसे शुरू होता है खेल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लाओस में साइबर स्कैम करने वाले अपराधी काफी एक्टिव हैं। ये लोग नौकरी के फर्जी विज्ञापन देकर भारत सहित आसपास के देशों से लोगों को अपने देश में बुलाते हैं। वहां, पहुंचने वाले लोगों का पासपोर्ट जब्त कर लिया जाता है और फिर एसके बाद खेल शुरू होता है साइबर स्कैम के जंजाल का। नौकरी के लालच में लाओस पहुंचने वाले लोग पासपोर्ट जब्त होने के बाद फंस जाते हैं और उनका निकलना मुश्किल हो जाता है।

ऐसे कराते हैं साइबर फर्जीवाड़ा
एशिया के अलग-अलग देशों से नौकरी के लोभ में लाओस पहुंचे लोगों से पहले तो डेटिंग एप पर फर्जी फोटो के जरिए लड़की की सोशल मीडिया प्रोफाइल बनवाई जाती है। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी करने के लिए कहा जाता है। बुरी तरह फंस चुके लोगों को बाकायदा एक टारगेट दिया जाता है।

वहां फंसने वाले लोग डेटिंग एप पर लड़की बनकर लड़कों से चैट करते हैं। जब उन्हें लगता है कि सामने वाला उनकी बातों में फंस चुका है तो वे उसे क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए तैयार करते हैं। जो भी शख्स अपने टारगेट को पूरा नहीं कर पाता उसे नरक से भी बदतर प्रताड़ना दी जाती है। खाना-पानी तक के लिए तरसा दिया जाता है।

ऐसा है लाओस
1. लाओस का क्षेत्रफल 236,800 किमी² है। यह देश भारत (3,287,263 किमी ²) से 13 गुना छोटा है, जिसकी आबादी महज 75 लाख है।
2. लाओस उत्तर में चीन, उत्तर पूर्व और पूर्व में वियतनाम, दक्षिण में कंबोडिया, उत्तर पश्चिम में म्यांमार और पश्चिम में थाइलैंड के साथ बॉर्डर शेयर करता है।
3. इस देश की सबसे लंबी सीमा थाइलैंड के साथ है, जो कि 2,161 किलोमीटर लंबी है।
4. लाओस काफी खूबसूरत देशों में शुमार है, इसलिए यहां काफी पर्यटक आते रहते हैं।
5. चीन के कर्ज से लदे इस देश की जीडीपी ग्रोथ इस समय 1 फीसदी से भी कम है।

Exit mobile version