Site icon World's first weekly chronicle of development news

मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान पाकर बोले पीएम मोदी-सदियों पुरानी हमारी दोस्ती

After receiving Mauritius' highest honor, PM Modi said- Our friendship is centuries old
ब्लिट्ज ब्यूरो

पोर्ट लुइस। मॉरीशस सरकार ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया। पीएम मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पहले भारतीय बने हैं।
पीएम मोदी ने पोर्ट लुइस में मॉरीशस के नेशनल डे परेड में बतौर चीफ गेस्ट हिस्सा लिया। भारतीय नौसेना की टुकड़ी ने भी इस परेड में हिस्सा लिया। मॉरीशस पहुंचे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ था। पीएम मोदी ने भारतीय मूल के लोगों को संबोधित भी किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं मॉरीशस के सभी नागरिकों को राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ये मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि मुझे दोबारा मॉरीशस के नेशनल डे पर आने का अवसर मिल रहा है। भारत और मॉरीशस सिर्फ हिंद महासागर से ही नहीं बल्कि साझा सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों से भी जुड़े हैं। हम आर्थिक और सामाजिक प्रगति के पथ पर एक-दूसरे के साझेदार हैं। हमारी दोस्ती सदियों पुरानी है।
पीएम मोदी ने कहा, प्राकृतिक आपदा हो या कोविड की विपदा, हमने हमेशा एक दूसरे का साथ दिया है। रक्षा हो या शिक्षा, स्वास्थ्य हो या स्पेस, हम हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में हमने अपने संबंधों में कई नए आयाम जोड़े हैं। विकास सहयोग और क्षमता निर्माण में नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।

Exit mobile version