World's first weekly chronicle of development news

अयोध्या में अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनकर तैयार

Ambedkar International Stadium in Ayodhya is ready
ब्लिट्ज ब्यूरो

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या को एक और सौगात दी है। अयोध्या में डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। इसमें नौ से 26 नवंबर तक अयोध्या प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम में पहली बार उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में जिला क्रिकेट संघ की ओर से नौ नवंबर से टी 20 की तर्ज पर अयोध्या प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग लेंगी। सभी टीमों के नाम उत्तर प्रदेश की आठ नदियों सरयू, गंगा, जमुना, बेतवा, हिंडन, चंबल, गोमती व मनोरमा के नाम से होंगे जो हमारी संस्कृति और प्राकृतिक विरासत को दर्शाएंगे। यह जानकारी जिला क्रिकेट संघ के सचिव मोहम्मद उमेर अहमद ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी टीमों का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अनुभवी चयनकर्ताओं की ओर से ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। एक टीम में 16 सदस्यों का चयन होगा जिसमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल के और पांच खिलाड़ी अतिथि प्लेयर होंगे जो कि उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के हो सकते हैं। इस आयोजन से अयोध्या मंडल में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 29 मैच खेले जाएंगे, जो कलर ड्रेस और सफेद बॉल से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में सभी ऑफिशियल उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रतियोगिता का संचालन जय सियाराम ग्रुप आफ कंपनीज और वेलफेयर सोसाइटी की ओर से किया जाएगा। अयोध्या प्रीमियर लीग के ब्रांड एंबेसडर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्ञानेंद्र पांडेय होंगे। जीतने वाली टीम को 11 लाख रुपये और रनर को 5.50 लाख रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।

Exit mobile version