Site icon World's first weekly chronicle of development news

छत्तीसगढ़ के किसानों को सीएम साय ने दी बड़ी सौगात

Farmer
ब्लिट्ज ब्यूरो

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने राज्य के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद करने की घोषणा की है। इस बारे में मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया गया। धान खरीदी 15 नवम्बर 2025 से शुरू होगी और 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। सरकार के अनुसार किसानों को धान बिक्री के बाद छह से सात दिन के अंदर भुगतान किया जाएगा। इस फैसले से राज्य के 25 लाख से ज्यादा किसानों को इस फैसले से फायदा होगा। इसके साथ ही साय सरकार ने राज्य के कलाकारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि भी 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए करने का फैसला इस बैठक में लिया साथ ही राज्य की भलाई से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए।

किसानों को धान बेचने के लिए सोसायटियों में लंबी कतारों में लगने से बचाने का इंतजाम भी सरकार ने इस साल किया है। इसके लिए उसने ‘तुंहर हाथ’ मोबाइल एप लॉन्च करते हुए उसके माध्यम से ऑनलाइन टोकन लेने का सिस्टम लागू किया है। इस मोबाइल एप के जरिए किसान अपनी सुविधा के अनुसार पसंदीदा दिन चुनकर धान बेचने के लिए टोकन ले सकेंगे।

धान खरीदी में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस बार ई-केवाईसी और एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए किसान 31 अक्टूबर 2025 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।

प्रदेश में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से 23 लाख हेक्टेयर रकबे का सर्वे किया गया है। 20,000 ग्रामों में डिजिटल सर्वे एवं मैन्युअल गिरदावरी के आंकड़ों की जानकारी ग्रामसभा में दी जा रही है।

इसके अलावा धान खरीदी को बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण प्रणाली से जोड़ा गया है ताकि केवल वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी हो।
खरीदी के लिए राज्यभर में 2739 खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। समितियों को शून्य सूखत लाने पर पांच रुपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

Exit mobile version