ब्लिट्ज ब्यूरो
अयोध्या। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने प्रतिष्ठा द्वादशी का पंचदिवसीय कार्यक्रम जारी कर दिया है। नियमित मानस पाठ, कथा के अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम सायंकाल से रात 9 बजे तक होंगे। मुख्य कार्यक्रम 31 दिसंबर को होगा, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्य रूप से शामिल होंगे। राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के मुताबिक रामलला की प्रतिष्ठा द्वादशी की दूसरी वर्ष गांठ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन को लेकर पूरे परिसर एवं मंदिरों की साफ-सफाई का काम चल रहा है। वहीं, अंगद टीला पर जहां रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होना है, वहां भी तैयारी चल रही है। कार्यक्रमों को अंतिम रूप देकर इसे जारी कर दिया गया है। प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव के कार्यक्रम 29 दिसंबर से शुरू हो जाएंगे।
प्रतिष्ठा द्वादशी पर होने वाले कार्यक्रम
29 दिसंबर : सुबह आठ से दो बजे तक मानस पाठ। दोपहर ढाई से शाम 5:30 बजे तक जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य की कथा। सायंकाल 5:30 बजे से 7:00 बजे तक गुरु घासीदास विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ की ओर से रामलीला की प्रस्तुति ।
30 दिसंबर : 29 दिसंबर का रिपीट कार्यक्रम इसी समय रहेगा।
31 दिसंबर : सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक मानस पाठ। दोपहर 1:00 से दोपहर 3:00 बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का उद्घाटन सत्र कार्यक्रम। इसके बाद कथा का आयोजन। शाम 6:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक कवि सम्मेलन। इसके बाद वाराणसी की अंशिका सिंह की प्रस्तुति।
1 जनवरी 2026 : सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मानस पाठ। दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कथा। इसके बाद शाम 6:00 बजे से शाम 9:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें अनूप जलोटा, तृप्ति शाक्या के भजन का कार्यक्रम होगा। फिरोजाबाद के मयूरी डांस ग्रुप की ओर से नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी।
2 जनवरी 2026 : दिन के कार्यक्रम और उनका समय पहले की तरह रहेगा रहेगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुरेश वाडेकर एवं संजोली पांडेय की प्रस्तुतियां होंगी।

