Site icon World's first weekly chronicle of development news

वेनेजुएला संकट पर भारत चिंतित, विदेश मंत्री बोले, हमारे उनसे अच्छे संबंध

jai-shankar
ब्लिट्ज ब्यूरो

लग्जमबर्ग। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लक्समबर्ग की आधिकारिक यात्रा के दौरान वेनेजुएला में मौजूदा संकट के बीच सभी पक्षों से लोगों की भलाई और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘हमने विगत दिवस एक बयान जारी किया था, मैं आपसे उसे देखने का आग्रह करूंगा। संक्षेप में कहूं तो, बयान में कहा गया है कि हम मौजूदा घटनाक्रमों को लेकर चिंतित हैं लेकिन, हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे अब बैठकर वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के हित में कोई समाधान निकालें। यही हमारी चिंता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हम वेनेजुएला को एक ऐसे देश के रूप में देखना चाहेंगे जिसके साथ हमारे कई वर्षों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। हम चाहेंगे कि घटनाक्रम चाहे जो भी हो, वहां के लोग सुरक्षित रहें।’ विदेश मंत्रालय ने विगत दिवस एक बयान में कहा था कि वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं और सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। भारत सरकार ने तनाव बढ़ने के मद्देनजर सभी भारतीय नागरिकों से वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह जारी की है। वहीं, वेनेजुएला में मौजूद नागरिकों को भी अत्यधिक सावधानी बरतने और वहां आवागमन सीमित करने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version