Site icon World's first weekly chronicle of development news

ऋषि सुनक की जगह लेंगी केमी बेडेनॉक

Kemi Badenoch will replace Rishi Sunak
ब्लिट्ज ब्यूरो

लंदन। ब्रिटेन की सबसे बड़ी पार्टियों में एक कंजर्वेटिव पार्टी में अब ऋषि सुनक की जगह एक अश्वेत महिला केमी बेडेनॉक लेंगी। उन्हें ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी की लीडर के तौर पर चुना गया है। ब्रिटेन में इस पद को हासिल करने वाली वे पहली अश्वेत महिला हैं। 44 साल की बेडेनॉक ने पार्टी लीडर के पद के लिए हुए चुनाव में 57% वोट हासिल किए और रॉबर्ट जेनरिक को हराया।

विपक्षी लेबर पार्टी के नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी बेडेनॉक को इस जीत पर बधाई दी। स्टारमर ने कहा कि किसी अश्वेत महिला का पार्टी का लीडर चुना जाना पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

वहीं, बेडेनॉक ने कहा है कि वे अपनी जातीय पहचान को ज्यादा अहमियत देना पसंद नहीं करती हैं। कंजरवेटिव पार्टी सम्मेलन में जब उनसे इस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि त्वचा, बालों या आंखों के रंग को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाना चाहिए।

44 साल की बेडेनॉक ने पार्टी लीडर के पद के लिए हुए चुनाव में 57% वोट हासिल किए और रॉबर्ट जेनरिक को हराया।
केमी ने पार्टी में बदलाव का वादा किया चुनाव जीतने के बाद बेडेनॉक ने वादा किया कि वे पार्टी में फिर से जान डालेंगी। उन्होंने कहा, अब सच्चाई बताने का समय आ गया है। दरअसल, जुलाई में पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के नेतृत्व में कंजर्वेटिव पार्टी को चुनाव में हार मिली थी।

बेडेनॉक के नेतृत्व में कंजर्वेटिव पार्टी में बदलाव की उम्मीद की जा रही है। केमी ने वादा किया है कि वे चुनाव जीतने के बाद पार्टी को उसके मूल सिद्धांतों पर वापस लाएंगी। सुनक ने जुलाई में हुए चुनाव में हार की जिम्मेदारी खुद पर ली थी।

कौन हैं केमी बेडेनॉक
केमी का जन्म 1980 में लंदन के विंबलडन में हुआ था और उनकी परवरिश नाइजीरिया में हुई। कुछ समय बाद वे पढ़ाई के लिए लंदन वापस आईं। महज 16 साल की उम्र में पढ़ाई के साथ-साथ वे मेक डोनाल्ड्स में काम किया करती थीं।

इसके बाद बेडेनॉक ने यूनिवर्सिटी ऑफ ससेक्स से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया। उन्होंने बैंकिंग की फील्ड से अपने करियर की शुरुआत की। लेकिन पॉलिटिक्स में आने के लिए बेडेनॉक ने बैंकिंग छोड़ दी। 25 साल की उम्र में उन्होंने कंजर्वेटिव पार्टी जॉइन की।

पहले उन्होंने लंदन असेंबली में सेवा दी, फिर 2017 में संसद सदस्य चुनी गईं। दो साल बाद, पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने उन्हें चिल्ड्रेन एंड फैमिलीज के लिए संसदीय राज्य मंत्री नियुक्त किया। 2021 में उन्हें समानता मंत्री बनाया गया और 2022 में उन्हें अंतरराष्ट्रीय व्यापार की सचिव नियुक्त किया गया।

Exit mobile version