Site icon World's first weekly chronicle of development news

गर्म मौसम में रहने से जल्द आ रहा बुढ़ापा

heatwave
ब्लिट्ज ब्यूरो

वाशिंगटन । एक अध्ययन में दावा किया गया है कि लंबे समय तक गर्म मौसम में रहने से लोग तेजी से बूढ़े हो रहे हैं। अत्यधिक गर्मी के कारण व्यक्ति की जैविक उम्र 14 महीने तक बढ़ सकती है। दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय और ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिकों ने यह अध्ययन किया।
साइंस एडवांसेज में प्रकाशित निष्कर्ष के अनुसार, अगर व्यक्ति ठंडे स्थान पर रहता है और नियमित तौर पर गर्म तापमान के संपर्क में आ रहा है तो उसके अधिक तेजी से बूढ़े होने की संभावना ज्यादा है। गर्म और लू वाले मौसम से शरीर में हृदय रोग के खतरे से लेकर किडनी तक प्रभावित हो रही है। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय की प्रो. इबुन यंग चोई ने कहा कि यह शोध गर्मी के शारीरिक प्रभाव की जांच करने के लिए तैयार किया गया। गर्मी इंसानी शरीर की कोशिकाओं पर प्रभाव डाल सकते हैं। लगातार झेलने के कारण उनमें जैविक गिरावट बढ़ती जाती है।
उम्र में यह बदलाव दिखा
छह साल के अंतराल में लंबे समय तक तीव्र गर्मी के संपर्क में रहने से जैविक आयु में अलग-अलग समय पर 2.48 वर्ष, 1.09 वर्ष और 0.05 वर्ष की बढ़ोतरी हुई। आमतौर पर इसका प्रभाव सामान्य उम्र बढ़ने की तुलना में 2.48 वर्ष अधिक था। यह एक कैलेंडर वर्ष उम्र बढ़ने के एक जैविक वर्ष के बराबर होता है। यानी छह साल की अवधि में उम्र छह साल के बराबर होने की जगह गर्मी के कारण उम्र 8.48 साल तक हो गई।
ऐसे किया अध्ययन
अध्ययन के दौरान शोधकर्ताओं ने 56 वर्ष से अधिक आयु के लगभग चार हजार वयस्कों के नमूनों का विश्लेषण किया। इसके बाद एपिजेनेटिक क्लॉक तकनीक की मदद से जेनेटिक कोड में परिवर्तनों की जांच की। इस दौरान उम्र की तुलना उनके स्थान के तापमान सूचकांक से की गई। इस दौरान पता चला कि जिन लोगों ने 32 से 39.4 डिग्री सेल्सियस वाले राज्यों में एक साल बिताया, उनकी जैविक आयु औसतन ठंडे राज्यों में रहने वाले प्रतिभागियों की तुलना में अधिक थी।
भारत में 54 दिन चली लू
पिछले साल मार्च और मई के बीच भारत ने लगातार 54 दिनों तक लू का सामना किया। इस दौरान करीब 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। वहीं 365 दिनों में से लगभग 88 फीसदी दिनों में चरम मौसम की घटनाएं देखी गई। दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा उच्च तापमान रिकॉर्ड किया गया। वर्ल्ड वेदर एट्रिब्यूशन और क्लाइमेट सेंट्रल ने बताया था कि 2024 में दुनिया में भीषण गर्मी के दिनों में औसतन 41 दिन की वृद्धि हुई। अमेरिका में सबसे गर्म राज्यों में सालाना 190 दिनों तक अत्यधिक गर्मी का अनुभव होता है।

Exit mobile version