Site icon World's first weekly chronicle of development news

तिरुअनंतपुरम नगर निगम में पहली बार खिला कमल

Lotus blooms for the first time in Thiruvananthapuram Municipal Corporation
ब्लिट्ज ब्यूरो

तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र। भाजपा ने तिरुअनंतपुरम नगर निगम में इतिहास रच दिया है। राजधानी के नगर निकाय में पहली बार कमल खिला है। भाजपा नीत राजग 101 सदस्यीय निगम में 50 सीटें जीतकर बहुमत के काफी करीब पहुंच गया है और इसने खुद को सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में मजबूती से स्थापित कर लिया है। राजग की इस जीत के साथ ही 45 साल पुराना एलडीएफ का किला भी ध्वस्त हो गया है। इस चुनावी सफलता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी आह्लादित हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा-तिरुअनंतपुरम नगर निगम में शानदार परिणाम सुनिश्चित करने वाले सभी मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति मेरा आभार। आज का दिन केरल में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और संघर्षों को याद करने का दिन है, जिन्होंने आज के इस परिणाम को संभव बनाया। प्रधानमंत्री ने भाजपा-राजग के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं के प्रति भी आभार जताया है। केरल की जनता के प्रति एकजुटता दिखाते हुए पीएम ने तीन पोस्ट मलयालम भाषा में किए।
अंतिम मतगणना के अनुसार, तिरुअनंतपुरम नगर निगम में माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने 29 सीटें हासिल की, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 19 सीटें जीतीं। दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं। विझिंजम के एक वार्ड में एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया था। इस परिणाम से भाजपा की स्थिति मजबूत हुई है।
यह केरल की राजधानी में वामपंथी वर्चस्व की गिरावट का भी संकेत है। 2020 के चुनाव में राजग को 35, एलडीएफ को 51 और यूडीएफ को 10 सीटें मिली थीं। शेष सीटें निर्दलीय पार्षदों के पास थीं।
कांग्रेस नेता थरूर की सीट पर
भाजपा का परचम
अपनी ही पार्टी के खिलाफ मुखर रहने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर के संसदीय क्षेत्र तिरुअनंतपुरम में भाजपा की यह जीत राजनीतिक दृष्टि से भी अहम है। यहां से थरूर लगातार चार बार सांसद चुने जा चुके हैं। इन दिनों कांग्रेस नेतृत्व से थरूर के रिश्ते बिगड़े हुए हैं और वह तीन बार राहुल गांधी की बैठकों से किनारा कर चुके हैं। ऐसे में नगर निगम में भाजपा की जीत ने नए समीकरणों को जन्म दे दिया है। थरूर ने भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए उसे बधाई दी और इसे लोकतंत्र की सुंदरता बताया। एक्स पर कहा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

धन्यवाद तिरुअनंतपुरम!
नगर निगम चुनाव में भाजपा-राजग को मिला जनादेश केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण है। जनता को पूरा विश्वास है कि राज्य की विकास संबंधी आकांक्षाओं को केवल हमारी पार्टी ही पूरा कर सकती है। हमारी पार्टी इस जीवंत शहर के विकास और लोगों के लिए जीवन स्तर को सुगम बनाने की दिशा में काम करेगी।
– नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री

केरल की पहली महिला आइपीएस बन सकती हैं मेयर
तिरुअनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जबर्दस्त जीत के बाद बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या केरल की पहली महिला आइपीएस अधिकारी श्रीलेखा यहां भगवा पार्टी की पहली मेयर बनेंगी। उनको राजग ने शुरुआत में भाजपा में शामिल हुई। चुनाव के दौरान मेयर पद के चेहरे के रूप में पेश किया था। चुनावी सफलता ने स्वाभाविक रूप से उनकी पदोन्नति को लेकर अटकलों को जन्म दिया है।

Exit mobile version