Site icon World's first weekly chronicle of development news

मनमोहन सिंह ने देश को वित्तीय संकट से बाहर निकाला: मोदी

manmohan singh
ब्लिट्ज ब्यूरो

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के देहावसान पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह हम सबके प्रेरणास्रोत रहे। केंद्रीय कैबिनेट ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। राष्ट्र के विकास और प्रगति में डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। इससे पहले मोदी ने एक वीडियो संदेश में मनमोहन सिंह के निधन को राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति बताया।

उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा। उनका जीवन पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर ऊंचाइयां प्राप्त की जाती हैं।

मोदी ने एक अर्थशास्त्री के रूप में मनमोहन सिंह के योगदानों को रेखांकित किया और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में मनमोहन सिंह ने देश को वित्तीय संकट से बाहर निकाला और एक नए आर्थिक पथ पर अग्रसर किया। मोदी ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना साधारण उपलब्धि नहीं है। विभाजन के दौरान भारत आने के क्रम में बहुत कुछ खोने के बावजूद उन्होंने इन उपलब्धियों को हासिल किया।
प्रधानमंत्री ने याद करते हुए बताया कि इस वर्ष के आरंभ में राज्यसभा में अपना कार्यकाल खत्म होने पर अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद, डॉ. सिंह ने व्हीलचेयर पर बैठकर महत्वपूर्ण सत्रों में भाग लिया और अपने संसदीय कर्तव्यों को पूरा किया।

स्मृति स्थल के पास बनेगा स्मारक !
अधिकारियों ने जिन स्थानों का निरीक्षण किया है, उनमें किसान घाट, राष्ट्रीय स्मृति स्थल और राजघाट के पास की जगहें शामिल हैं। कहा जा रहा है कि इन स्थानों की सूची मनमोहन सिंह के परिवार को भी दी गई है और उनकी राय से अंतिम फैसला लिया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। वे मेरे मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक थे। उनके निधन से पार्टी ने एक ऐसे नेता को खो दिया है, जो ज्ञान, बड़प्पन और विनम्रता के प्रतीक थे। – सोनिया गांधी

Exit mobile version