Site icon World's first weekly chronicle of development news

कांग्रेस राज में कई बड़ी हस्तियां नजर अंदाज की गईं: मोदी

Many big personalities were ignored during Congress rule: Modi
ब्लिट्ज ब्यूरो

लखनऊ । पीएम मोदी ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर गांधी परिवार पर इशारों-इशारों में हमला किया। उन्होंने आजादी के बाद, भारत में हुए सभी अच्छे कामों को एक ही परिवार से जोड़ने की एक प्रवृत्ति का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों ने कई राष्ट्रीय हस्तियों को नजरअंदाज करते हुए पहचान को एक ही परिवार तक सीमित कर दिया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी को गर्व है कि हमारी सरकार को आर्टिकल 370 की दीवार गिराने का अवसर मिला। आज भारत का संविधान जम्मू कश्मीर में भी पूरी तरह लागू है। पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान के विधान को खारिज कर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सरकार में दिये गये ‘गरीबी हटाओ’ नारे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज अटल जी की जयंती का यह दिन ‘सुशासन’ के उत्सव का दिन है। लंबे समय तक इस देश में ‘गरीबी हटाओ’ जैसे नारे को ही सुशासन मान लिया गया था लेकिन अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा।
भाजपा का दृष्टिकोण
पीएम ने कहा कि बीजेपी ने भारत के विकास का श्रेय सिर्फ एक परिवार को देने की सोच से आगे बढ़कर दूसरे नेताओं को पहचान दी है। पीएम मोदी ने बताया कि कांग्रेस के जमाने में सीनियर बीजेपी नेताओं का अपमान किया जाता था। बीजेपी सभी का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव से लेकर डॉ. बीआर अंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल को भी पूरा सम्मान दिया।
कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने राजनीतिक रूप से भाजपा को हमेशा अछूत बनाए रखा लेकिन भाजपा के संस्कार हमें सबका सम्मान करना सिखाते हैं। बीते 11 वर्षों में एनडीए सरकार के दौरान नरसिम्हा राव जी और प्रणव बाबू को भारत रत्न दिया गया है। ये हमारी सरकार है जिसने मुलायम सिंह यादव और तरुण गोगोई जैसे अनेक नेताओं को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया है। कांग्रेस और सपा से ऐसी उम्मीद तक नहीं कर सकता है।
पीएम ने कहा कि बीजेपी ने देश को एक परिवार से जुड़े इस पुरानी व्यवस्था के बंधन से बाहर निकाला है।
बीजेपी ने दिया हर किसी को सम्मान
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार, भारत माता की सेवा करते हुए, हर बच्चे को, हर किसी के योगदान को सम्मान दे रही है। आज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति दिल्ली में कर्तव्य पथ पर है। कोई नहीं भूल सकता कि बाबा अंबेडकर की विरासत को कैसे नष्ट किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार ने दिल्ली में यह पाप किया, और यहां यूपी में, समाजवादी पार्टी के लोगों ने भी वही पाप किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने बाबा साहेब की विरासत को नष्ट नहीं होने दिया।
आज, दिल्ली से लंदन तक, बाबा अंबेडकर के पंच तीर्थ उनकी विरासत का जश्न मना रहे हैं।
असुरक्षा से भरी होती है परिवारवाद की राजनीति
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने हमारे देश को एकजुट किया था, लेकिन आज़ादी के बाद उनके काम और उनके कद को कम करने की कोशिश की गई। यह बीजेपी ही थी जिसने सरदार पटेल को वह सम्मान दिया जिसके वे हकदार थे। बीजेपी ने सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनवाई।
हर साल 31 अक्टूबर को देश राष्ट्रीय एकता दिवस मनाता है। हमारे देश में दशकों तक आदिवासियों के योगदान को भी सही सम्मान नहीं दिया गया। परिवारवाद की राजनीति की एक खास पहचान होती है। यह असुरक्षा से भरी होती है। इसीलिए, परिवारवादियों के लिए दूसरों की लाइन छोटी करना ज़रूरी हो जाता है ताकि उनके परिवार का रुतबा दिखे और उनकी दुकान चलती रहे।

Exit mobile version