Site icon World's first weekly chronicle of development news

सास ने मां बनकर किया बहू का कन्यादान

Mother-in-law behaved as a mother and gave away her daughter-in-law in marriage.
ब्लिट्ज ब्यूरो

आगरा। आगरा के बरौली अहीर में हुई शादी चर्चा का विषय बन गई है। सास ने अपनी विधवा बहू के लिए लड़का ढूंढ़ा और बेटी की तरह धूमधाम से उसकी शादी कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। सास ने बहू की मां की भूमिका निभाते हुए अपने हाथों से कन्यादान किया और अन्य रस्में निभाईं ं। विवाह के बाद उन्होंने बहू को उसके नये ससुराल विदा किया।
दो साल पहले हुई थी बेटे की मौत
फिरोजाबाद के बिहारी नगर की रहने वाली 67 वर्षीय कुसुमलता के बेटे की लंबी बीमारी के चलते 4 जनवरी 2023 को मृत्यु हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद जवान बेटे की मौत ने उन्हें तोड़कर रख दिया। बेटे की विधवा बहू का दर्द उन्होंने समझा और उसके लिए लड़का तलाशना शुरू कर दिया। कुसुमलता ने गांव श्यामो निवासी विशाल जैन पुत्र स्व. ललित जैन के साथ श्यामो स्िथत हनुमान मंदिर में अपनी विधवा पुत्रवधु की शादी कराई।
कुसुमलता ने विधवा बहू की मां बनकर कन्यादान किया। कुसुमलता ने बताया कि पति की मृत्यु 32 वर्ष पहले हो गई थी। उन्होंने बताया कि एक विधवा के लिए जीवन जीना कितना कठिन होता है, वे इस बात को जानती हैं। वे भी अधिकतर बीमार रहती हैं। ऐसे में उनके बाद विधवा बहू को कोई परेशानी न हो, इसलिए उसकी शादी करने का फैसला लिया।
बेटी की तरह किया बहू को विदा
कुसुमलता ने बताया कि विधवा बहू की शादी कराने का जब विचार मन में आया, तो ये भी सोचा कि समाज क्या करेगा लेकिन फिर उन्होंने समाज की रुढ़ियों को तोड़ने का निर्णय लिया। विधवा बहू को विदा करने के बाद अब वे खुश हैं। इस शादी में कुसुमलता ने विधवा बहू को गृहस्थी का सारा सामान भी दिया। इस दौरान गांव के लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद प्रदान किया। शादी के इस आयोजन में समाज सेवी विजय कुमार लोधी, विवेक जैन, उमेश जैन जीवा राम जैन, राकेश जैन भी शामिल हुए।

Exit mobile version