Site icon World's first weekly chronicle of development news

गोरखपुर को नए साल का तोहफा शहर से बेंगलुरु की सीधी उड़ान सेवा

IndiGo, ATF, domestic
ब्लिट्ज ब्यूरो

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के निवासियों को नए साल से पहले बड़ा तोहफा मिला है। विमानन कंपनी इंडिगो गोरखपुर और बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू कर रही है। यह सेवा अब तक अकासा एयरलाइंस के माध्यम से उपलब्ध थी लेकिन अब इंडिगो की भी तैयारी शुरू हो गई है।

उड़ान का समय और सुविधा
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडिगो की सीधी उड़ान गोरखपुर से दोपहर 2:20 बजे है और शाम 5:00 बजे बेंगलुरु पहुंचती है। वापसी में यह उड़ान रात 8:40 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर रात 11:15 बजे गोरखपुर पहुंचती है। यह सेवा उन यात्रियों के लिए खासतौर पर उपयोगी होगी जो कामकाजी या निजी कारणों से नियमित रूप से गोरखपुर और बेंगलुरु के बीच यात्रा करते हैं।

कोरोना के बाद दोबारा शुरू हो रही है सेवा
गौरतलब है कि गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा पहले वर्ष 2019 में शुरू हुई थी लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह सेवा बंद कर दी गई। लंबे अंतराल के बाद इसे दोबारा शुरू किया गया है। इंडिगो की इस पहल से यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।

समय की बचत और किफायती विकल्प
फिलहाल गोरखपुर से बेंगलुरु जाने के लिए यात्री ज्यादातर ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं जिसमें करीब 36 घंटे लगते हैं। अब इंडिगो की सीधी उड़ान से यह सफर केवल 2 घंटे 40 मिनट में पूरा होगा। इस सेवा से यात्रियों का न केवल समय बचेगा, बल्कि यात्रा भी अधिक आरामदायक और सुविधाजनक होगी।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई उड़ान सेवा से क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा जो लोग इलाज या शिक्षा के लिए बेंगलुरु जाते हैं, उनके लिए भी यह सुविधा बेहद लाभदायक साबित होगी। इंडिगो की इस नई सेवा से यात्रियों को उड़ान विकल्पों में अधिक विकल्प और किफायत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version