Site icon World's first weekly chronicle of development news

नीतीश ने 10वीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ ली

Nitish takes oath as Bihar CM for the 10th time
ब्लिट्ज ब्यूरो

पटना। नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के साथ एनडीए के पांच घटक दलों के कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली। नीतीश कुमार के बाद भाजपा के सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। ये दोनों उप मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में तीन महिलाओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। जदयू से लेशी सिंह को फिर एक बार मंत्री पद मिला। जमुई से पुन: जीतकर आई श्रेयसी सिंह को मंत्री पद मिला है। तीसरी महिला रमा निषाद हैं जो भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक बनी हैं। वह मुजफ्फरपुर जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र विधायक हैं।

– सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा को बनाया गया उपमुख्यमंत्री

नीतीश कुमार के साथ जिन 26 मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें 10 पहली बार मंत्री बनेंगे। इनमें कई चेहरे ऐसे हैं जो पहली बार चुनाव जीतकर आए और मंत्री बन गए। रालोमो से मंत्री बने दीपक प्रकाश तो किसी भी सदन के सदस्य नहीं है। पहली बार जीतकर आने वाले जो मंत्री बने उनमें भाजपा की रमा निषाद, लोजपा (रा) के संजय कुमार व संजय कुमार सिंह का नाम शामिल है।
पहली बार विधायक बने रामकृपाल यादव तो केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार में रहे हैं पर वह पहली बार मंत्री के रूप में नीतीश कुमार के साथ काम करेंगे। मंत्री पद का जिन्हें पहली बार मौका मिला है उनमें श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद व लखेंद्र कुमार रौशन का नाम शामिल है।
जाति आधारित संतुलन कुछ इस तरह से साधा गया
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई सरकार में जाति आधारित संतुलन का भी ख्याल रखा गया है। सबसे अधिक पांच मंत्री दलित समाज से बनाए गए हैं। इसके बाद चार राजपूत, तीन वैश्य, दो निषाद, दो कुर्मी, तीन कुशवाहा, दो यादव, दो सहनी, दो भूमिहार एवं एक-एक ब्राह्मण, कायस्थ और चंद्रवंशी समाज के विधायक मंत्री बनाए गए हैं। मुस्लिम समाज से जमा खान को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

भाजपा कोटे के मंत्री
सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी।
जदयू के मंत्री
विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार,अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमां खान
लोजपा (रा)
संजय कुमार सिंह, संजय कुमार
रालोमो
दीपक प्रकाश
हम
संतोष कुमार सुमन

Exit mobile version