ब्लिट्ज ब्यूरो
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से राज्यव्यापी समृद्धि यात्रा पर निकल चुके हैं। इस यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री राज्य के सभी जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री की यह यात्रा राज्य के विकास कार्यों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से की जा रही है जिसको लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों के प्रधान सचिव, सभी जिलों के डीएम को पत्र लिखा है।
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में संचालित विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर योजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी देंगे। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। जानकारी के मुताबिक इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस करेंगे। कई स्थानों पर मुख्यमंत्री नई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर समृद्धि यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संबंधित जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा से न केवल विकास योजनाओं की समीक्षा होगी, बल्कि स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है। समृद्धि यात्रा को राज्य में विकास और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने तमाम योजनाओं का शिलान्यास और घोषणा की थी।

