Site icon World's first weekly chronicle of development news

पीएम व उनकी पार्टी जितने भी प्रयास कर लें, नेहरू पर दाग नहीं लगा सकते

No matter how hard the PM and his party try, they cannot tarnish Nehru's image.
ब्लिट्ज ब्यूरो

नई दिल्ली। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम ् के 150 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर लोकसभा में विशेष चर्चा के दौरान सदन में कांग्रेस पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई ने पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम ् पर चर्चा को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है। गोगोई ने कहा कि वह और उनकी पार्टी भाजपा जितने भी प्रयास कर लें, पंडित नेहरू पर दाग नहीं लगा सकते। इसके साथ ही गोगोई ने दावा किया कि कांग्रेस ने ही सबसे पहले वंदे मातरम् का उद्घोष किया था।
गोगोई ने कटाक्ष किया, आप हर बार नेहरू जी और कांग्रेस पर निशाना साधते हैं, लेकिन जितनी कोशिश कर लें, नेहरू जी पर दाग नहीं लगा पाएंगे। उन्होंने कहा, आप 1937 के कांग्रेस अधिवेशन की बात करते हैं, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं, 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में आपके राजनीतिक पूर्वज कहां थे?” गोगोई ने भाजपा पर आगे निशाना साधते हुए कहा कि आपके राजनैतिक पूर्वजों ने न तिरंगे को तवज्जो दी, न ही फिर राष्ट्रगान को महत्व दिया। आप क्या राष्ट्रभक्ति की बात करते हैं?
भाजपा ने बंगाल को नहीं समझा
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मुस्लिम लीग ने वंदे मातरम का पूर्ण बहिष्कार करने की मांग की थी। हमारे नेता मौलाना अबुल कलाम आजाद साहब ने कहा था- मुझे वंदे मातरम् से कोई आपत्ति नहीं। यही फर्क है हमारे मौलाना आजाद और मुस्लिम लीग में। गोगोई ने कहा कि उस समय हिंदू महासभा ने भी वंदे मातरम की आलोचना की थी। गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि सत्ता के लालच में भाजपा ने बंगाल को नहीं समझा।
हर चर्चा में नेहरू जी का नाम लेते हैं मोदी
कांग्रेस सांसद ने कहा, मैंने प्रधानमंत्री के भाषण को गौर से सुना। उनके दो उद्देश्य थे। उनका पहला उद्देश्य यह बताने का प्रयास करने का था कि आपके (सत्तापक्ष) राजनीतिक पूर्वज अंग्रेजों के खिलाफ लड़ रहे थे। उनका दूसरा उद्देश्य इस चर्चा को राजनीतिक रंग देने का था। गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने हर वक्तव्य में कांग्रेस और नेहरू का बार-बार उल्लेख करते हैं। गोगोई ने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सदन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान नेहरू का नाम 14 बार लिया और कांग्रेस का नाम 50 बार लिया। उन्होंने कहा, आप जितनी कोशिश कर लें, आप नेहरू जी के योगदान पर एक भी काला दाग लगाने में सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने अपने एक अधिवेशन में यह फैसला किया कि जहां भी कोई आयोजन होगा हम वंदे मातरम ् गाएंगे।

Exit mobile version