ब्लिट्ज ब्यूरो
मुरादाबाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बजट पर प्रेस वार्ता में कहा कि नए वित्तीय वर्ष में कई अमृत भारत और वंदेभारत ट्रेनें चलाई जाएंगी। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक छह अमृत भारत ट्रेनें प्रस्तावित हैं, जोकि मुरादाबाद मंडल के यात्रियों को भी सहूलियत देंगी। दिल्ली, अमृतसर, जम्मू से बिहार के लिए दो-दो ट्रेनें चलाने की योजना है।
हालांकि इनका रूट अभी तय नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि पैसेंजर कोच वाली इन ट्रेनों के चलने से कामगार वर्ग को बड़ी राहत होगी। हाल ही में रेलवे ने अमृतसर से हावड़ा तक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाई है जोकि मुरादाबाद से होकर गुजरती है। रेल मंत्री ने कहा कि हर महीने एक नई ट्रेन की घोषणा की जा रही है। आसपास के प्रदेशों के मुकाबले उत्तर प्रदेश को रेल के विकास के लिए ज्यादा बजट मिला है। नई दिल्ली से बनारस के बीच घोषित किया गया हाईस्पीड रेल कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के कई शहरों से होकर गुजरेगा। अधिकारियों का कहना है कि यह मुरादाबाद होकर गुजर सकता है। हालांकि डीपीआर बनने से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
मुरादाबाद-लखनऊ व मुरादाबाद-नजीबाबाद के बीच बनेगी चाहरदीवारी
मुरादाबाद रेल मंडल में हर दिन औसतन 60 रनओवर रेलवे ट्रैक पर होते हैं। इनमें जनहानि होती है और कुछ स्थानों पर पशु भी ट्रेन की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने मुरादाबाद से लखनऊ और मुरादाबाद से नजीबाबाद तक रेलवे ट्रैक के दोनों ओर चाहरदीवारी बनाने की घोषणा की है। इससे हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

