Site icon World's first weekly chronicle of development news

पंत का परचम, बने सबसे महंगे खिलाड़ी

Pant became the most expensive player
ब्लिट्ज ब्यूरो

जेद्दाह। सऊदी अरब के जेद्दाह में 2 दिन चला आईपीएल का मेगा ऑक्शन पूरा हो गया। ऑक्शन में 182 खिलाड़ी बिके, इसमें 62 विदेशी खिलाड़ी हैं। 8 बार राइट टु मैच का इस्तेमाल किया गया। 10 फ्रेंचाइजी ने 639.15 करोड़ खर्च किए।

ऋषभ पंत इतिहास के सबसे मंहगे खिलाड़ी बने, उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा। 13 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 में शतक लगाने वाले बिहार के लेफ्ट हैंड बैटर वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने खरीदा।

मेगा ऑक्शन के हाईलाइट्स
ऋषभ पंत को 27 करोड़ में लखनऊ, श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपए में पंजाब ने खरीदा। इंग्लैंड के जोस बटलर सबसे महंगे विदेशी रहे, उन्हें 15.75 करोड़ रुपए में गुजरात टाइटंस ने खरीदा।

वेंकटेश सबसे महंगे ऑलराउंडर
वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपए में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोयनिस सबसे महंगे विदेशी ऑलराउंडर हैं, उन्हें पंजाब किंग्स ने 11 करोड़ रुपए में खरीदा।

अर्शदीप सबसे महंगे पेसर
अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा। जोश हेजलवुड, जोफ्रा आर्चर और ट्रेंट बोल्ट सबसे महंगे विदेशी पेसर रहे। तीनों को अलग-अलग टीमों ने 12.50 करोड़ रुपए में खरीदा।

युजवेंद्र सबसे महंगे स्पिनर
युजवेंद्र चहल को पंजाब किंग्स ने सबसे ज्यादा 18 करोड़ रुपए देकर खरीदा। रविचंद्रन अश्विन भी 9.75 करोड़ रुपए में बिके। अफगानिस्तान के नूर अहमद सबसे महंगे विदेशी स्पिनर रहे, उन्हें चेन्नई ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा।

रसिख डार सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज रसिख डार को अपनी बेस प्राइस 20 गुना ज्यादा कीमत मिली। वे 30 लाख की बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में उतरे थे। आरसीबी ने दाएं हाथ के पेसर को 6 करोड़ रुपए में खरीदा।

सबसे चौंकाने वाला फैसला विल जैक्स पर बेंगलुरु ने आरटीएम यूज नहीं किया
मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने विल जैक्स को रिलीज कर दिया और उनके लिए आरटीएम (राइट टू मैच) कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया। आरटीएम कार्ड का उपयोग करके टीम पुराने खिलाड़ी को उसकी बोली खत्म होने पर वापस अपनी टीम में शामिल कर सकती है।

6 बॉल में 6 सिक्स लगाने वाले प्रियांश 13 गुना कीमत में बिके
दिल्ली के बल्लेबाज प्रियांश आर्या को पंजाब ने बेस प्राइस से करीब 13 गुना यानी 3.80 करोड़ रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपए था। यह उनका आईपीएल डेब्यू होगा। प्रियांश ने दिल्ली प्रीमियर लीग में 6 गेंद में 6 छक्के लगाए थे।

वैभव सबसे कम उम्र के प्लेयर
13 साल के वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान ने 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपए था। इसके साथ ही वे आईपी इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं। बिहार के खिलाड़ी का आईपीएल में इस सीजन से डेब्यू होगा। वैभव ने अंडर-19 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाया था। वैभव ने फर्स्ट क्लास में 12 साल की उम्र में डेब्यू किया था।

अर्जुन तेंदुलकर दूसरी बार में खरीदे गए
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को दूसरी बार में मुंबई इंडियंस ने अपने टीम का हिस्सा बनाया। पहली बार में उन्हें किसी भी टीम ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अर्जुन को मुंबई ने 30 लाख के बेस प्राइस में खरीदा। हाल ही में डोमेस्टिक क्रिकेट में गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन ने 5 विकेट लिए थे।

टॉप-5 बड़े खिलाड़ी जो नहीं बिके
ऑक्शन में कई बड़े प्लेयर्स अनसोल्ड रहे। ऑस्ट्रेलियाई डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ, कीवी प्लेयर केन विलियम्सन और इंडियन ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर जैसे प्लेयर को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा। अफगानी पेसर नवीन उल हक भी अनसोल्ड रहे।

Exit mobile version