Site icon World's first weekly chronicle of development news

दिवाली पर खुलेगा अनंतनगर योजना के 500 प्लॉट का रजिस्ट्रेशन

Registration for 500 plots of Anant Nagar scheme will open on Diwali.
ब्लिट्ज ब्यूरो

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के लोगों को इस बार दिवाली पर मोहान रोड स्थित अनंतनगर योजना में प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा। इसके लिए एलडीए तीसरी बार रजिस्ट्रेशन खोलेगा। इस बार करीब 500 प्लाटों के लिए रजिस्ट्रेशन होगा। इससे पहले दो बार के रजिस्ट्रेशन और लॉटरी में करीब 700 प्लाटों का आवंटन हो चुका है।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि 785 एकड़ में विकसित हो रही अनंतनगर योजना में करीब डेढ़ लाख लोगों को आवासीय सुविधा देने का लक्ष्य है। पहले चरण में 334 प्लाटों का रजिस्ट्रेशन खोला गया था। दूसरे चरण में 332 प्लाटों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला था। इस बार करीब 500 प्लॉटों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला जाएगा। इसमें 450 वर्ग मीटर, 288, 200, 162 और 112.50 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के प्लॉट होंगे। इनका रेट पहले की तरह 41,150 रुपये प्रति वर्ग मीटर रहेगा।
रकम मिलते ही कार्य शुरू करेंगे
एलडीए की नई आवासीय योजनाओं-नैमिष नगर और वरुण विहार के लिए शासन ने 750 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। कैबिनेट से मंजूरी के बाद वित्त विभाग यह रकम एलडीए को ट्रांसफर करेगा। वरुण विहार योजना 6550 एकड़ तो नैमिष नगर योजना 3670 एकड़ में विकसित होगी। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि रकम मिलते ही दोनों योजनाओं के बुनियादी विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे।

Exit mobile version