Site icon World's first weekly chronicle of development news

लाल बजरी के बादशाह की टेनिस से विदाई पर रोजर फेडरर हुए भावुक

Roger federer
ब्लिट्ज ब्यूरो

नई दिल्ली। इस शताब्दी की शुरुआत में टेनिस की दुनिया को दो ऐसे खिलाड़ी मिले जिन्होंने सालों तक राज किया। एक थे स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और दूसरे स्पेन के राफेल नडाल। पहले फेडरर ने रिटायरमेंट लिया और नडाल ने भी इस खेल को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। क्ले कोर्ट के किंग कहे जाने वाले नडाल की विदाई भी भावुक रही। उन्होंने डेविस कप में अपने आखिरी मैच उसी दिन खेला जिस दिन इस टूर्नामेंट में डेब्यू किया। रोजर फेडरर ने अपने इस दोस्त के लिए पोस्ट किया और सेरेना विलियम्स ने इस पर कमेंट किया।

बाईस बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन नडाल के टूर पर 20 साल से अधिक के सफर का यह आखिरी टूर्नामेंट था। स्पेन को नीदरलैंड ने 2-1 से हराया। दर्शक ‘राफा, राफा, राफा ’ चिल्ला रहे थे। उनके शानदार करियर के सम्मान में सेंटर कोर्ट पर एक समारोह का भी आयोजन किया गया था। उनके कैरियर की झलकियां दिखाता वीडियो जब चलाया गया तो नडाल की आंखें भर आईं ं। समारोह के बाद नडाल ने अपने साथी खिलाड़ियों को गले लगाया और दोनों हाथों से उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए बाहर चले गए।

राफेल नडाल दुनिया में 22 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 14 बार फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया। यह भी उनका बड़ा रिकॉर्ड है। नडाल ने अपने करियर में 1080 सिंगल्स जीते हैं। इसके साथ ही वह 209 हफ्तों तक लगातार वर्ल्ड नंबर 1 रहे। उनके नाम 92 सिंगल्स टाइटल्स हैं, जिनमें 63 सिंगल्स टाइटल्स सिर्फ क्ले कोर्ट पर जीते हैं। राफेल नडाल ने स्पेन के लिए दो ओलंपिक गोल्ड मेडल भी जीते हैं। वह 5 बार एटीपी प्लेयर ऑफ द ईयर बने और 5 बार साल का अंत वर्ल्ड नंबर वन रहकर किया।

राफेल नडाल की विदाई पर उनके साथी औऱ सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर ने पत्र लिखा। दो साल पहले लावेर कप में जब फेडरर ने आखिरी टेनिस मैच खेल था तब नडाल उनके साथ बैठे थे और बहुत रोए थे। अब फेडरर भी भावुक नजर आए। फेडरर ने अपने पत्र में लिखा, जैसा कि आप टेनिस से संन्यास लेने की तैयारी में है, इससे पहले कि मैं भावुक हो जाऊं, मेरे पास शेयर करने के लिए कुछ चीजें हैं। आपने मुझे कई बार हराया। जिस तरह आपने मुझे टक्क र दी शायद ही किसी और के खिलाफ मुकाबले में मैंने उन चुनौतियों को महसूस किया।

फेडरर की इस पोस्ट पर महिला टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने भी कमेंट किया है। उन्होंने लिखा, ‘वेल सेड।’

Exit mobile version