Site icon World's first weekly chronicle of development news

वसूली में लापरवाही बरतने पर रोका वेतन

salary
ब्लिट्ज ब्यूरो

अमरोहा। वसूली में लापरवाही बरतने पर कर अधीक्षक समेत समस्त राजस्व निरीक्षकों व अमीन के वेतन पर रोक लगाई गई है जिससे कर्मियों में खलबली मची हुई है और वह ईओ के खिलाफ लामबंद होने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, पालिका प्रशासन को वर्ष 2024-25 में 46.67 करोड़ रुपये कर वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए कर अधीक्षक समेत समस्त राजस्व निरीक्षक व अमीनों को लगाया था। जिसमें नवंबर माह तक लगभग 40 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।

संतोषजनक वसूली न होने पर नाराजगी
पालिका ईओ डा. बृजेश कुमार ने संतोष जनक वसूली न होने पर नाराजगी जताई और टीएस समेत कर विभाग के समस्त कर्मियों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी।

नोटिस नहीं दिया गया
राजस्व निरीक्षकों ने वेतन रोकने पर रोष जताया है। मोहित चौहान व शुभम यादव ने बताया कि पिछले साल से राजस्व वसूली ज्यादा की है, फिर हमारा वेतन रोक दिया। हमें नोटिस भी नहीं दिया गया। नियम है कि अगर किसी का वेतन रोकते हैं तो उसे नोटिस दिया जाता है। परिवार के भरण पोषण के लिए 75 प्रतिशत वेतन का प्रावधान है। वह भी नहीं किया। अगर शीघ्र ही हमें वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो ईओ के आदेश के खिलाफ कोर्ट जाएंगे।

पहले कोर्ट चले जाएं, उसके बाद ही बात करें
किसने कितने राजस्व की वसूली की है। इसकी समीक्षा की जाएगी। इसके बाद जिन्होंने कम वसूली की है। उनका वेतन रोका जाएगा। रही उनके कोर्ट जाने की बात तो पहले वह कोर्ट चले जाएं। उसके बाद ही बात करें।
– डा. बृजेश कुमार, पालिका ईओ

Exit mobile version