Site icon World's first weekly chronicle of development news

मेट्रो के नए फेज में आएगी तेजी; बनेंगे आईटी पार्क

The new phase of the metro will gain momentum; IT parks will be built.
ब्लिट्ज ब्यूरो

लखनऊ। राजधानी में मेट्रो के दूसरे चरण को रफ्तार देने के लिए प्रदेश सरकार ने बजट में 550 करोड़ रुपये दिए हैं। चारबाग से बसंतकुंज तक ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के फेज-1बी प्रोजेक्ट के लिए विभिन्न मदों में इस रकम की व्यवस्था की गई है।
चारबाग से बसंतकुंज के बीच मेट्रो के दूसरे चरण का निर्माण कुल 5801 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। आधी रकम केंद्र व राज्य सरकारों से मिलेगी और बाकी ऋण लिया जाएगा। प्रोजेक्ट के लिए राज्यांश के अतिरिक्त 550 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अगस्त 2025 में चारबाग से बसंतकुंज तक ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर तक मेट्रो के विस्तार को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिली थी। प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने अपने अंश के 1450 करोड़ से अधिक का प्रावधान इस बजट में किया है।
दूसरे चरण में करीब 12 किमी लंबे रूट पर सात स्टेशन भूमिगत और पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने हैं। यह रूट अमीनाबाद, चौक, यहियागंज, पांडेयगंज, केजीएमयू, इमामबाड़ा और रूमी गेट से होकर गुजरेगा। चारबाग में इंटरचेंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। गौतमबुद्ध मार्ग, अमीनाबाद, पांडेयगंज, सिटी स्टेशन, मेडिकल चौराहा और चौक भूमिगत स्टेशन होंगे। ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और वसंतकुंज एलिवेटेड स्टेशन होंगे।
मेट्रो प्रशासन ने पांचों एलिवेटेड स्टेशनों और एलिवेटेड सेक्शन के साथ बसंतकुंज डिपो से पांच लाइनों की क्षमता वाले 740 मीटर लंबे रैंप निर्माण का 492 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। जल्द ही भूमिगत सेक्शन के निर्माण और रोलिंग स्टाक का टेंडर जारी होगा।

Exit mobile version