ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते का एलान करते ही बाजार का मूड पूरी तरह बदल गया। इस खबर के आते ही गिफ्ट निफ्टी में जोरदार तेजी देखी गई और यह करीब 600 अंकों यानी 2.4% की छलांग लगाकर 25,374 के स्तर पर पहुंच गया।
इस तेजी की असली वजह वह समझौता है, जिसकी जानकारी डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दी। बाजार के लिए यह खबर संजीवनी बूटी की तरह रही। पिछले कुछ समय से ट्रेड डील को लेकर बनी अनिश्चितता से बाजार दबाव में था और जनवरी महीने में निफ्टी 1,000 अंक तक टूट चुका था। विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे थे। जानकारों ने इस डील को दोनों देशों के लिए फायदेमंद बताया है। भले ही समझौते की बारीकियां अभी सामने आनी बाकी हैं, लेकिन इसने रुपये और इक्विटी मार्केट पर लटक रही अनिश्चितता की तलवार को हटा दिया है।

