Site icon World's first weekly chronicle of development news

विकसित भारत 2047 के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान देने को उप्र प्रतिबद्ध : योगी

Make videos of those who damage government property viral
संजय द्विवेदी

लखनऊ। भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश टीम इंडिया के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देगा। मुख्यमंत्री योगी ने नीति आयोग की बैठक में भाग लेकर विकसित भारत-विकसित राज्य के लक्ष्य को प्राप्त करने में उत्तर प्रदेश के योगदान का भरोसा दिलाया। बैठक में विकसित राज्य, विकसित भारत @ 2047 यानी कि 2047 तक विकसित भारत के लिए राज्यों का विकसित होना भी आवश्यक है विषय पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

सीएम योगी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक में सहभाग कर मैंने मार्गदर्शन प्राप्त किया।

प्रधानमंत्री के यशस्वी मार्गदर्शन में ”विकसित भारत-विकसित” राज्य के पुनीत लक्ष्य की सिद्धि में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश ‘टीम इंडिया’ के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। बैठक में उत्तर प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने, गरीबी उन्मूलन अभियान और विभिन्न मोर्चों पर उपलब्धियों के बारे में मुख्यमंत्री ने अपना पक्ष रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नीति आयोग की बैठक और एनडीए मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लिया। दोनों बैठकों में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में डिस्टि्रक्ट वन ट्रिलियन डॉलर (ओटीडी) सेल की स्थापना की है और डीएम को हर तीसरे महीने अपने-अपने जिलों में प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए कहा गया है क्योंकि जिला घरेलू उत्पाद के मोर्चे पर हुई प्रगति के बारे में नवीनतम डेटा उपयोगी साबित हो सकता है। यूपी के जीएसडीपी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यह आर्थिक मोर्चे पर राज्य के प्रयासों और भारत के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में योगदान को दर्शाता है।

राज्य सरकार ने 2 अक्टूबर 2024 को ‘शून्य गरीबी अभियान’ शुरू किया और गरीबी उन्मूलन के मोर्चे पर हुई प्रगति को 14 अप्रैल 2025 को संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर की जयंती पर उन्हें समर्पित किया। प्रयागराज महाकुंभ-2025 का सफल आयोजन, जिसमें 66 करोड़ तीर्थयात्री शामिल हुए, पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान दिया, कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार के साथ निवेश आकर्षित करने के प्रयास, उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और भूमिपूजन समारोह जैसे कार्यक्रमों का आयोजन, सुरक्षित शहर परियोजना और मेट्रो रेल परियोजनाओं जैसी कुछ खास उपलब्धियां भी राज्य के नाम दर्ज हैं जिससे विभिन्न मोर्चों पर राज्य की रैंकिंग में सुधार और सर्वांगीण विकास लाने के प्रयासों को भी बल मिला है।

Exit mobile version