Site icon World's first weekly chronicle of development news

हरियाणा में महिला कर्मचारियों को साल में मिलेंगी 25 छुट्टियां

Women employees in Haryana will get 25 holidays in a year
ब्लिट्ज ब्यूरो

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला दिवस के अवसर पर एलान किया कि सरकारी कार्यालयों में नियमित महिला सरकारी कर्मचारियों को अब प्रतिवर्ष 20 की बजाय 25 छुट्टियां मिलेंगी। इसी प्रकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम में काम कर रही महिला कर्मियों को प्रतिवर्ष 10 छुट्टियां मिलती थीं, अब इन कर्मचारियों को 22 छुट्टियां मिलेंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, ‘आपकी बेटी-हमारी बेटी’ के लिए एमआईएस पोर्टल और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।
572 आंगनवाड़ी कम क्रेच और 273
स्टैंडलोन क्रेच चल रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य में 64 हजार 500 स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ऋण लेने पर स्टाम्प शुल्क से छूट भी दी गई है। अब प्रदेश में 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं को देने शुरू किये गये हैं। गत चार माह में 252 राशन डिपो महिलाओं को आवंटित किए जा चुके हैं। प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के नन्हें बच्चों की देखभाल के लिए ‘विस्तृत क्रेच नीति’ लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इस समय प्रदेश में 572 आंगनवाड़ी कम क्रेच और 273 स्टैंडलोन क्रेच चल रहे हैं। इसके अलावा 4 हजार प्ले-वे स्कूल खोले गये हैं। इस साल इनकी संख्या 8 हजार करने का लक्ष्य है।

Exit mobile version