Site icon World's first weekly chronicle of development news

बेलगावी नगर निगम में सभी प्रमुख पदों पर महिलाएं काबिज

Women occupy all key positions in Belagavi Municipal Corporation
ब्लिट्ज ब्यूरो

बेलगावी। बेलगावी नगर निगम में सभी प्रमुख पदों पर महिलाएं काबिज हैं। वैसे शायद यह महज संयोग ही है। हालांकि महिलाएं ज्यादातर क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और नौकरशाही उनमें से एक है। यह पहली बार है कि निगम में सभी प्रमुख पदों पर महिलाएं हैं।

पिछले कार्यकाल में महापौर व उप महापौर महिलाएं थीं
निगम के आयुक्त के पद पर पिछले दिनों शुभा बी. ने कार्यभार संभाला। अशोक डुडागुंती के तबादले के बाद आयुक्त का पद खाली था। कार्यभार संभालने के बाद शुभा ने कर वसूली में तेजी दिखाई और साइनबोर्ड पर कन्नड़ लागू करने को लेकर सख्त रुख अपनाया। शुभा के अलावा पूर्व में सविता कांबले फरवरी 2024 से महापौर के पद पर कार्यरत हैं। पिछले कार्यकाल में महापौर एवं उप महापौर दोनों पदों पर महिलाएं थीं।

उपायुक्त के पदों पर महिलाएं
लोकसभा चुनाव से पहले तबादला की गईं रेशमा तालिकोटी ने उपायुक्त (राजस्व) के तौर पर अपना कार्यभार फिर से संभाला। लक्ष्मी निप्पणिकर पिछले चार साल से उपायुक्त (प्रशासन) के पद पर हैं। निप्पणिकर का जनवरी में तबादला हुआ था, लेकिन छह महीने के भीतर ही उन्होंने फिर से कार्यभार संभाल लिया।

राजस्व अनुभाग में सबसे अधिक महिला कर्मचारी
निगम के राजस्व अनुभाग में सबसे ज्यादा महिला कर्मचारी हैं। कार्यालय प्रबंधक के आठ पद हैं और इनमें से तीन पदों पर महिलाएं हैं। आरएस नीलानवर, अंजना भजंत्री और एमटी बल्लारी कार्यालय प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। अनुराधा तापसी सहायक राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

Exit mobile version