गुलशन वर्मा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाइजीरिया में अपने भाषण की शुरुआत ‘सन्नू, नाइजीरिया’ से की जिसका मतलब ‘नमस्ते नाइजीरिया’ होता है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के रूप में नाइजीरिया की उनकी (पीएम मोदी) पहली यात्रा है, लेकिन वह अकेले नहीं आए हैं। मोदी ने कहा, ‘मैं अपने साथ भारत की मिट्टी की सुगंध और करोड़ों भारतीयों की ओर से आप सभी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं लेकर आया हूं।’
पीएम मोदी ने गिनाईं भारत की उपलब्धियां
मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपनी सुविधाजनक स्थिति से बाहर निकल चुका है और नई चीजें करते हुए नए रास्ते बना रहा है। उन्होंने कहा कि नए रास्ते बनाना भारत की आदत बन गया है और यही आज के भारत का सार है।
मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष उद्योग में भारत की प्रगति के लिए दुनिया उसकी प्रशंसा कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने तय किया है कि जल्द ही हमारे अपने गगनयान के जरिए भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत अंतरिक्ष में अपना स्टेशन भी बनाने वाला है। भारत में पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।’
प्रधानमंत्री ने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच कहा कि भारत में अब 1.5 लाख से अधिक पंजीकृत ‘स्टार्टअप’ हैं। उन्होंने कहा, ‘पिछले दशक में 100 से अधिक यूनिकॉर्न बनाए गए हैं। एक यूनिकॉर्न का मतलब है 8,000-10,000 करोड़ रुपये की पूंजी वाली कंपनी। 100 से अधिक कंपनियां भारत की स्टार्टअप संस्कृति की सफलता का सबूत हैं।’ उन्होंने कहा कि भारत यह उपलब्धि इसलिए हासिल कर पाया क्योंकि वह अपनी सुविधानजक स्थिति से बाहर आया।
‘भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश’
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में भारत ने अपने सकल घरेलू उत्पाद में दस लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर जोड़े हैं। उन्होंने कहा, ’10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना हो गया है। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। वह दिन दूर नहीं जब भारत 5 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।’ मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत नाइजीरिया के राष्ट्रपति टिनुबू के निमंत्रण पर नाइजीरिया गए थे। यह यात्रा 17 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा थी।