ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे को अगर हमारे देश की लाइफलाइन कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है, जिसके जरिए रोजाना करीब 4 करोड़ लोग एक जगह से दूसरी जगह पर आवागमन करते हैं। इस सफर के दौरान रेलवे की ओर से यात्रियों को कई प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। कुछ सुविधाएं ऐसी हैं, जिनके बारे में आम लोगों को ज्यादा पता ही नहीं होता।
निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा
भारतीय रेलवे के नियमों के मुताबिक, अगर आप ट्रेन में सफर के दौरान अस्वस्थ महसूस करते हैं तो टीटीई से संपर्क करने या ट्विटर पर मैसेज करने पर रेलवे की ओर से निशुल्क प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की जाती है।
क्लॉक रूम और लॉकर रूम
देश के सभी बड़े रेलवे स्टेशनों पर भारतीय रेलवे की ओर से लॉकर रूम और क्लॉक रूम की सुविधा उपलब्ध है। यहां पर आप एक महीने तक अपना सामान रखकर जा सकते हैं। यह पूरी तरह निशुल्क नहीं है लेकिन चार्ज इतना मामूली है कि बिल्कुल अखरता नहीं है।
वेटिंग हॉल में निशुल्क आराम की सुविधा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सभी स्टेशनों में एसी और नॉन एसी वेटिंग हॉल की सुविधा उपलब्ध होती है। अगर ट्रेन आने में काफी समय हो तो इन हॉल में जाकर आराम कर सकते हैं।
फ्री भोजन की सुविधा
अगर आप शताब्दी, राजधानी या दुरंतो जैसी खास ट्रेन में सफर करने जा रहे हैं लेकिन आपकी ट्रेन 2 घंटे से ज्यादा लेट है तो रेलवे की ओर से निशुल्क भोजन की सुविधा दी जाती है।
कंबल, तकिया, बेडशीट की सुविधा
एसी1, एसी2, एसी3 कोच में सफर करने वाले सभी यात्रियों को एक कंबल, एक तकिया, दो बेडशीट और एक हैंड टॉवेल निशुल्क प्रदान किए जाते हैं जबकि गरीब रथ में सफर करने पर यह सुविधा 25 रुपये में दी जाती है।

























