ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अब 8 जून को चालक दल के तीन अन्य सदस्यों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना होंगे। अमेरिका की वाणिज्यिक मानव अंतरिक्ष उड़ान कंपनी ‘एक्सिओम स्पेस’ और नासा ने इस बात की पुष्टि की है। शुभांशु शुक्ला यूपी से हैं।
एएक्स-4 मिशन के तहत चारों अंतरिक्ष यात्री ‘स्पेसएक्स ड्रैगन’ से अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे और वहां लगभग 14 दिन बिताएंगे। यह मिशन पहले 29 मई को आईएसएस के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन अब अंतरिक्ष यान को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समयानुसार 8 जून की शाम छह बजकर 41 मिनट पर लॉन्च किया जाएगा। शुक्ला की यह यात्रा भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की 1984 की ऐतिहासिक उड़ान के लगभग चार दशक बाद हो रही है
एएक्स-4 मिशन है क्या?
मिशन अमेरिका की निजी एयरोस्पेस कंपनी एक्सिओन स्पेस चला रही है। करीब 60 साइंटिफिक स्टडीज की जाएंगी, 7 इंडियन रिसर्चर ने डिजाइन की। इनमें से 4 इसरो के प्रयोग हैं, जिन्हें कर्नाटक, दिल्ली और केरल में तैयार किया गया है।
क्या होगी रिसर्च?
इंडियन स्टडीज यह समझने की कोशिश करेगी कि सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण की स्थिति में इंसानों पर इसका क्या असर पड़ता है? बीजों की वृद्धि कैसे होती है? और लंबे मिशन के दौरान न्यूट्रिशन कैसे काम करता है?