ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने पांच खिलाड़ियों के नाम पद्म पुरस्कारों के लिए नामित किए हैं। इनमें चार खिलाड़ी मनु भाकर, सरबजोत सिंह, स्वप्निल कुशाले और अमन सहरावत पेरिस ओलंपिक के मेडलिस्ट हैं। वहीं, एक नाम चेस के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी. गुकेश का है। मंत्रालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
मंत्रालय की ओर से ये नाम पद्म पुरस्कार समिति के पास भेजे गए हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन 1 मई से 15 सितंबर के बीच करना होता है। पुरस्कार समिति 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के मौके पर पुरस्कारों की घोषणा करती है। पिछले साल पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण और दिग्गज स्पिनर आर अश्िवन को पद्मश्री मिला था। भारत ने पिछले साल अगस्त-सितंबर में आयोजित पेरिस ओलंपिक गेम्स में 6 मेडल जीते थे। इनमें एक सिल्वर, 5 ब्रॉन्ज शामिल रहे। पेरिस में भारत को मेडल दिलाने वाले खिलाड़ियों में नीरज चोपड़ा को पद्मश्री और हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पद्मभूषण मिल चुका है।
नीरज चोपड़ा को 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्मश्री प्रदान किया था। पद्म पुरस्कार समिति का गठन हर साल प्रधानमंत्री करते हैं।
कैबिनेट सचिव इस समिति के अध्यक्ष होते हैं। इसमें गृह सचिव, राष्ट्रपति के सचिव और 4 से 6 मेंबर शामिल होते हैं। समिति की सिफारिशें अनुमोदन के लिए प्रधानमंत्री और भारत के राष्ट्रपति को प्रस्तुत की जाती हैं।
मनु-गुकेश समेत 4 प्लेयर्स को खेल रत्न मिला था
8 महीने पहले 17 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शूटर मनु भाकर, वर्ल्ड चेस चैंपियन डी गुकेश, हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्लेयर प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया था।
पद्म पुरस्कारों के लिए नामित 3 हरियाणवियों की गौरव गाथा
पद्म पुरस्कारों के लिए अनुशंसित मनु भाकर, अमन सहरावत और सरबजोत सिंह हरियाणा से हैं। मनु भाकर को निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन के लिए चुना गया है, जबकि अमन सहरावत (कुश्ती) ने बचपन में माता-पिता को खोने के बाद भी यह मुकाम हासिल किया। सरबजोत सिंह ने भी मनु भाकर के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और उनके पिता ने कोविड-19 के दौरान घर पर अभ्यास के लिए रेंज बनवाई थी।
मनु भाकर, खेल: निशानेबाजी
उपलब्धि: पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
संघर्ष: खेल शुरू करने से पहले मनु का मन कई खेलों में नहीं रमा, लेकिन उनके पिता ने उनके लिए डेढ़ लाख की पिस्टल खरीदकर दी, जिससे उनके खेल को बढ़ावा मिला।
अमन सहरावत, खेल: कुश्ती
उपलब्धि: पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
पृष्ठभूमि: बचपन में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था। उनके दादा भी पहलवान थे और चाचा हिंद केसरी रहे थे।
सरबजोत सिंह
खेल: निशानेबाजी (मनु भाकर के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल में टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता).
संघर्ष: कोविड-19 महामारी के दौरान जब उनका अभ्यास छूट रहा था, तो उनके पिता ने उनके घर पर ही अभ्यास के लिए एक रेंज बनवा दी थी।
उत्सव: पिता जीत पर गुरुद्वारे गए और फिर गांव में जश्न मनाया।





























