ब्लिट्ज ब्यूरो
गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिंदी को भारतीय भाषाओं की मित्र के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि प्रतिस्पर्धी के रूप में।
हिंदी दिवस पर गांधीनगर में आयोजित पांचवें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में शाह ने कहा, मैं हमेशा कहता हूं कि हिंदी भारतीय भाषाओं की प्रतिस्पर्धी नहीं है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की मित्र है। हिंदी और भारतीय भाषाओं के बीच कोई टकराव नहीं है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हिंदी केवल एक बोली या प्रशासन की भाषा नहीं है। इसे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, न्याय और पुलिस की भाषा भी बननी चाहिए। जब सभी कार्य भारतीय भाषाओं में होंगे, तब जनता से जुड़ाव स्वतः ही स्थापित हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय भाषाओं को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाने का काम किया है।
भारत की खेल राजधानी बनेगा अहमदाबाद
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, निर्माणाधीन सरदार पटेल खेल परिसर और विश्व स्तरीय वीर सावरकर खेल परिसर जैसी उत्कृष्ट सुविधाओं से अहमदाबाद देश की खेल राजधानी बनेगा। केंद्रीय मंत्री ने वीर सावरकर परिसर का उद्घाटन करने के बाद ये बातें कहीं।
हिंदी मित्रता, संस्कृति और विचारों की सेतु
भारत स्थित ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने हिंदी दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उच्चायोग ने वीडियो साझा कर कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, यह मित्रता, संस्कृति और विचारों की सेतु है।