ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र की पहली महिला टॉप कॉप आईपीएस रश्मि शुक्ला सेवानिवृत्त हो गईं। वह अभी तक एक्टेंशन दिए जाने के बाद राज्य के डीजीपी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई आतंकी हमले के हीरो और साफ-सुथरी छवि वाले 1990 बैच के आईपीएस सदानंद दाते को नया डीजीपी नियुक्त किया है। महाराष्ट्र की पहली महिला आईपीएस और पहली महिला पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रश्मि शुक्ला भारतीय पुलिस सेवा में साढ़े 37 साल रहीं। शुक्ला को मुंबई के भोईवाड़ा के नायगांव पुलिस ग्राउंड में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित विदाई समारोह में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की। वह सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल की डीजी भी रहीं।
रिटायरमेंट पर भावुक हुईं रश्मि शुक्ला
रश्मि शुक्ला ने विदाई समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि साढ़े 37 साल सेवा करने के बाद मैं भारतीय पुलिस सेवा से रिटायर हो रही हूं। मुझे पुरानी यादें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने मुझे बहुत कुछ दिया। मैंने बहुत कुछ सीखा है। सभी ने महाराष्ट्र पुलिस को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक टीम की तरह काम किया। 1988 बैच की आईपीएस रश्मि शुक्ला ने कहा कि मैं बहुत संतुष्ट हूं और महाराष्ट्र पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अच्छे जीवन और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हूं। उन्होंने कहा कि पहले, मैंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रूप में काम किया, और मुझे इस पर गर्व है।
सदानंद दाते ने संभाला चार्ज
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई आतंकी हमले में अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले आईपीएस सदानंद दाते को नया डीजीपी बनाया है। दाते ने चार्ज संभाल लिया। पहले उनके 4 जनवरी को चार्ज लेने की बात सामने आई थी। 26/11 के हीरो के रूप में जाने जाने वाले दाते ने पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक के रूप में काम किया था और हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र कैडर में वापस भेजा गया था। दाते महाराष्ट्र की मौजूदा डीजीपी रश्मि शुक्ला के विदाई समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने रश्मि शुक्ला के साथ फोटो भी खिंचवाई। 1990 बैच के आईपीएस दाते को 31 दिसंबर, 2025 को सरकार ने महाराष्ट्र का डीजीपी नियुक्त किया था। दाते करीब दो साल महाराष्ट्र के डीजीपी रहेंगे व 2 लाख पुलिसकर्मियों का नेतृत्व करेंगे।

























