ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। नए साल में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वेस्टर्न रेलवे ने राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है। यह सुविधा 31 जनवरी तक जारी रहेगी। मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली तेजस राजधानी , मुंबई-अहमदाबाद शताब्दी और साबरमती राजधानी एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया गया है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को और फायदा होगा।
किस ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच?
राजधानी और शताब्दी 31 जनवरी तक एक्स्ट्रा कोच के साथ चलेंगी। ट्रेन नंबर 12951/52 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली तेजस राजधानी में एलएचबी का एक तृतीय वातानुकूलित (एसी 3-टियर) कोच और ट्रेन नंबर 12957/58 साबरमती-नई दिल्ली स्वर्ण जयंती राजधानी में एक थर्ड एसी कोच जोड़ा गया है। एक्स्ट्रा कोच लगने की वजह से तेजस राजधानी 22 कोच और स्वर्ण जयंती राजधानी 23 कोच के साथ चलेगी।
मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस में भी कोच
ट्रेन नंबर 12009/10 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस में एक एसी चेयर कार जोड़ी गई है। इससे शताब्दी 22 कोच के साथ चलेगी। राजधानी और शताब्दी के स्टॉप और टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को एक्स्ट्रा कोच लगने से राहत मिलेगी।

























