ब्लिट्ज ब्यूरो
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। 8 आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों समेत कुल 74 अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं। तबादला लिस्ट में सबसे बड़ा नाम आईपीएस आयुष जाखड़ का है। हाल ही में बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी से विवाद के कारण वह सुर्खियों में आए थे। शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी पद पर पदस्थ आयुष जाखड़ को प्रमोशन दिया गया है। उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीपी) बनाकर जबलपुर भेजा गया है।
बीजेपी विधायक ने दी थी धमकी
आयुष जाखड़ उस समय चर्चा में आए थे, जब पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने उन्हें धमकी दी थी। प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से कई राहगीरों को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। इस दौरान दिनेश लोधी को पुलिस घटना स्थल पर भी लेकर पहुंची थी।
इस पूरे मामले में विधायक प्रीतम लोधी ने नाराजगी जताई थी। विधायक ने आयुष जाखड़ को 15 दिन में स्पष्टीकरण मांगते हुए जवाब नहीं मिलने पर बंगला गोबर से भरवाने तक की धमकी दी थी।
तबादला आदेश में आयुष जाखड़ की पत्नी और आईपीएस अधिकारी अनु बेनिवाल का भी जबलपुर ट्रांसफर किया गया है। अनु बेनिवाल अभी ग्वालियर में पदस्थ थी। अब उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर बनाया गया है। अब तबादले के बाद आयुष जाखड़ और अनु बेनिवाल दोनों जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर साथ काम करेंगे। गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के 66 अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं। इन अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस इकाइयों में एसपी तथा उप सेनानी के पदों पर पदस्थ किया गया है।













