ब्लिट्ज ब्यूरो
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव के 51वें संस्करण की शुरूआत के दिन उस समय इतिहास रच दिया गया जब 139 कलाकारों ने 24 घंटे तक लगातार नृत्य प्रस्तुत किया। लगातार 24 घंटे 9 मिनट और 26 सेकेंड तक चले शास्त्रीय नृत्य से नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। इस महोत्सव में शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दिया। इसे सीएम मोहन यादव ने स्वीकार किया।
दरअसल, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास 19 फरवरी के दिन दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर शुरू हुआ। करीब 139 कलाकारों ने लगातार प्रस्तुति देकर 20 फरवरी के दिन अंजाम तक पहुंचा। इसका रिजल्ट यह हुआ कि मध्य प्रदेश के नाम एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड रच दिया।
संस्कृति विभाग की तरफ से आयोजित की गई गतिविधि में 139 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। ये देश भर से अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करने के लिए खजुराहो पहुंचे थे। इन कलाकारों ने लगातार 24 घंटे 9 मिनट तक कथक, , भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति दी। वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) की अंतिम प्रस्तुति भरतनाट्यम की थी। गिनीज टीम द्वारा इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड घोषित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सौंपा।
सीएम मोहन यादव ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सीएम मोहन यादव ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड पर बधाई दी। सीएम ने कलाकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत का सबसे महत्वपूर्ण प्रतीक है। भारतीय संस्कृति की इस अद्भुत प्रस्तुति ने दुनिया को हमारी परंपराओं की समृद्धि से परिचित कराया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की साधना को समर्पित वृहद शास्त्रीय नृत्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से नृत्य साधकों का मान बढ़ेगा। यह देश की संस्कृति और नृत्य साधकों के लिए गौरव का क्षण है।