ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। प्रदेश में नए-नए शहर बसाने के लिए विस्तृत कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इसी कड़ी में 175 वार्ड वाली नई स्मार्ट सिटी बनाई जाएगी।
गांव को जोड़कर बनाया जाएगा नया शहर
दरअसल उत्तर प्रदेश में विकास का नया युग चल रहा है। अब प्रदेश में अत्यधिक स्मार्ट शहरों का निर्माण किया जाएगा। इसमें 20 गांवों को जोड़कर नए शहर का विस्तार किया जाएगा जिसमें 175 वार्ड बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। जिला प्रशासन सहित कई विभाग मिलकर इस पर काम कर रहे हैं।
रोजगार सहित यह होगा फायदा
राज्य में नया शहर बसाने से एक तो रोजगार मिलेगा, दूसरा घनी आबादी वाले राज्य में लोगों को रहने के लिए अच्छे आवास मिलेंगे। इस नए शहर के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी यहां पर लाभ मिलेगा। मुरादनगर क्षेत्र के 20 गांवों को इसमें शामिल किया जाएगा। पहले 13 गांव को जोड़ने की योजना थी। अलग-अलग नगर पंचायत को नए शहर में जोड़ा जाएगा।
क्या होगा नए शहर का नाम
उत्तर प्रदेश में बसाए जाने वाले नए शहर का नाम ग्रेटर गाजियाबाद रखा जाएगा। जहां पर ग्रेटर गाजियाबाद को कमिश्नरेट सिस्टम के तर्ज पर जोड़ा जाएगा। नए शहर का संचालन सचिव स्तर के अधिकारी करेंगे। शहर को तीन भागों में बांटा जाएगा। इसमें प्रभारी आईएएस अधिकारी को ही रखा जाएगा। स्थानीय प्रशासन मजबूत होगा और प्रभावी बनाया जाएगा।
शहर की नई सीमा को सड़क मार्ग के आधार पर बनाया जा रहा है। इसको हर प्रकार से कनेक्टिविटी दी जाएगी। 2031 के मास्टर प्लान के तहत गाजियाबाद, लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर को इसमें शामिल किया गया है। इससे क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से रूपरेखा को तैयार कर लिया गया है।
अंतिम चरण में है कार्य योजना
नए शहर को लेकर कार्य योजना अंतिम चरण में चल रही है। सभी विभागों की तरफ से इस पर कार्य किया जा रहा है। प्रशासनिक ढांचे के लिए अंतिम नक्शे तैयार किए जाएंगे।