ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। चीन और जर्मनी के बीच इन दिनों तनाव चल रहा है। इस तनाव की वजह है लेजर, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर एक जर्मन विमान पर किया गया। जाहिर है, जर्मनी लाल सागर में कुछ समय पहले हुई इस घटना पर आगबबूला है लेकिन चीन इन आरोपों से इनकार कर रहा है। दरअसल, मामला कुछ ऐसा है कि बीते दिनों जर्मन कर्मिकों के साथ उड़ रहे एक नागरिक विमान को पता लगा कि उसे समंदर में एक लेजर बीम से निशाना बनाया गया है।
लेजर बीम की जद में आते ही पायलट ने फौरन जिबूती में यूरोपीय बेस पर लौटने का फैसला किया लेकिन जर्मन रक्षा मंत्रालय इस बात का पता लगाने में जुट गया कि आखिर यह लेजर बीम कहां से छोड़ी गई थी। जर्मन पड़ताल में मालूम हुआ कि लेजर बीम का स्रोत अदन की खाड़ी के पास अरब सागर में मौजूद एक चीनी युद्धपोत था। इस घटना को गंभीर सुरक्षा खतरा बताते हुए जर्मन सरकार ने अपनी नाराजगी दर्ज कराई है।































