संजय द्विवेदी
लखनऊ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में अब अमेरिकन सिटी भी विकसित होगी। यहां पर अमेरिका के अनुरूप आवास समेत स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय भी बनाए जाएंगे। जल्द ही शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद अमेरिकन सिटी को जमीन पर उतारने का उपक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना से अगले छह वर्षों में यमुना क्षेत्र में करीब 32 अरब डॉलर का निवेश होने की संभावना है।
ज्ञात हो कि इसके पूर्व नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद यमुना विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2041 में कोरियन और जापानी सिटी बसाने का फैसला भी पहले ही लिया जा चुका है। इस योजना के अंतर्गत दो नए औद्योगिक सेक्टर विकसित होंगे। इनमें से एक सेक्टर ए का क्षेत्रफल 365 हेक्टेयर का होगा तो वहीं दूसरे सेक्टर 5 ए का क्षेत्रफल 395 हेक्टेयर होगा। यह फैसला विदेशी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से लिया गया है। यह माना जा रहा है कि इस फैसले से यमुना सिटी का औद्योगिक विकास तेजी से हो सकेगा। अमेरिकन सिटी से यीडा प्रोजेक्ट में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। अप्रैल 2025 में शुरू होने जा रहे एयरपोर्ट के चलते विदेशी कंपनियां यमुना सिटी में निवेश को आकर्षित हो रही हैं। इससे काफी फायदा मिलेगा।
प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-22 डी, सेक्टर-22ई और सेक्टर-5 ए व अन्य एक सेक्टर में अमेरिकन सिटी परियोजना को विकसित किया जाना है। इसके लिए 1,200 एकड़ भूमि की मांग की गई है। इस परियोजना में विश्वस्तरीय शैक्षिक संस्थान बनाए जाएंगे। यह नाट्य कला, शिल्प और ललित कलाओं के भी विश्वस्तरीय केंद्र रहेंगे। अमेरिका की कंसल्टेंसी कंपनी ब्लू स्काई वैंटेज ने इस योजना का खाका तैयार किया है।
अमेरिकी संसद के आठ सीनेटर भी इससे जुड़े हुए हैं। भारत में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में यह बड़ा अमेरिकी निवेश होगा। इसका लाभ भारतीय युवाओं को भी मिलेगा। अमेरिकी योजना से जुड़े लोगों ने कई राज्यों में जमीन की तलाश की। सबसे अनुकूल उन्हें यीडा क्षेत्र लगा। उन्हें 100 प्रतिशत एफडीआई के तहत जमीन का आवंटन होने की बात भी सामने आ रही है।
– बनाए जाएंगे विश्वस्तरीय शैक्षिक संस्थान, नाट्य कला, शिल्प और ललित कलाओं के भी उत्कृष्ट केंद्र बनेंगे
थिएटर के साथ एक मनोरंजन हब भी बनेगा
परियोजना में एक हजार एकड़ जमीन मिश्रित भूमि के उपयोग की होगी। इसमें सभी प्रकार की व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियां शामिल होंगी। यह अस्पतालों, स्कूलों, विश्वविद्यालय और अन्य सुविधाओं को देखते हुए स्थापित की जाएंगी। यीडा ने कंपनी को लैटर ऑफ इंटेट जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय में प्रबंधन स्कूल के साथ-साथ मिट्टी के स्क्ल्पचर बनाने नृत्य आदि की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा, ‘अमेरिकन सिटी को चार सेक्टरों में विकसित किया जाना है। इसका निर्णय शासन स्तर पर रुका है, निर्णय होते ही परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण समेत अन्य कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।’