ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दुनियाभर के ट्रैवल डेस्टिनेशन तेजी से इंडियन फूड को अपने मेन्यू में शामिल कर रहे हैं। पिछले 5 वर्षों में भारतीय रेस्तरां में 25% की वृद्धि हुई है, जो रेस्तरां उद्योग में सबसे तेज है। वियतनाम इसका एक प्रमुख उदाहरण है, जहां 2023 में 3.92 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक पहुंचे। यह 2019 की तुलना में 231% की बढ़त है।
भारतीय पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण अब इंडियन फूड संकरी गलियों में भी आसानी से उपलब्ध है, जो पहले एक चुनौती हुआ करता था। वियतनाम नेशनल अथॉरिटी ऑफ टूरिज्म के अनुसार, 2023 की पहली छमाही में ही भारतीय पर्यटकों की संख्या में 164% की वृद्धि दर्ज की गई। यह सिर्फ वियतनाम तक सीमित नहीं है; यूरोप, मिडिल ईस्ट और एशिया के अन्य हॉटस्पॉट भी भारतीय पर्यटकों की जरूरतों के अनुसार खुद को ढाल रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि भोजन अब एक ‘अंतरराष्ट्रीय भाषा’ बन चुका है, जो विभिन्न संस्कृतियों को जोड़ने का महत्वपूर्ण साधन बन रहा है। 2023 के ट्रैवल कॉन्फिडेंस इंडेक्स के अनुसार, 50% से अधिक भारतीय पर्यटक विदेश यात्रा के दौरान अपने पसंदीदा भारतीय भोजन की उपलब्धता को बेहद जरूरी मानते हैं। दुबई इसका प्रमुख उदाहरण है, जहां 2023 में
1.19 करोड़ भारतीय पर्यटक पहुंचे। इस बढ़ती मांग के चलते दुबई और अबू धाबी जैसे शहरों में भारतीय रेस्तरां का विस्तार हो रहा है। अमेरिका का लुइसियाना राज्य भी भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए भोजन, पारिवारिक यात्रा और सांस्कृतिक अनुभवों पर आधारित रणनीति तैयार कर रहा है। नेशनल रेस्तरां एसोसिएशन की रिपोर्ट बताती है कि होटल बुकिंग के दौरान भारतीय पर्यटक अक्सर भोजन की उपलब्धता को ध्यान में रखते हैं।