ब्लिट्ज ब्यूरो
कानपुर। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में हो रहे विलंब और सुविधा शुल्क को लेकर लोगों को दौड़ाने की आ रही शिकायतों को देखते हुए महापौर ने अब अफसरों को निर्देश दिए है कि तय समय के अंदर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाए। तय समय पर बिना कारणों के प्रमाण पत्र न बनाने वाले अफसर व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त सुधीर कुमार के साथ जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े जोनल प्रभारियों की बैठक नगर निगम मुख्यालय में समिति कक्ष में ली। महापौर ने कहा कि लगातार सबसे ज्यादा शिकायतें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की आ रही है। लोगों को दौड़ाया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने आदेश दिए कि अपर नगर मजिस्ट्रेट स्तर पर जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र के एक वर्ष से अधिक के अनुमति के लिए लम्बित प्रमाण-पत्रों की सूची प्रति हफ्ता दो बार जारी की जाए। इसके अलावा प्रति हफ्ता सभी जोन रिपोर्ट प्रस्तुत करें कि कितने प्रमाण-पत्र हेतु आवेदन प्राप्त हुये, कितने बने, कितने लंबित है, की जानकारी दे। यदि प्रमाण-पत्रों का समय से निस्तारण किया जायेगा, तो अनियमिततओं की शिकायते भी नहीं आयेंगी। सभी आवेदन आनलाइन फीड करें। महापौर ने कहा कि फर्जी दस्तावेज लगाकर कोई प्रमाण पत्र बनवाता है तो उस पर भी कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त मो आवेश व जगदीश यादव, जोनल अधिकारी, जोन-एक विद्या सागर यादव, जोन-दो विजय कुमार जोन-तीन सीपी सिंह, जोन-चार राजेश सिंह, जोन-पांच अनुपम त्रिपाठी, जोन-छह रवि शंकर यादव रहे।
ऐसे जारी किए जाए समय पर
जन्म-मृत्य प्रमाण पत्र
n21 दिन के पूर्व के जन्म-मृत्यु के प्रमाण पत्र 24 घंटे के अंदर जारी किया जाए।
n21 दिन से एक वर्ष के जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र चार से पांच दिन में जारी किया जाए।
nएक वर्ष से अधिक के जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र 10 से 15 दिनों में जारी किया जाए।
nयह बोर्ड मुख्यालय और जोनल कार्यालय जरूर लगाया जाए
जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र में लगने वाले दस्तावेजों को बोर्ड में लिखा जाए। 21 दिन, 21 दिन से एक वर्ष व एक वर्ष से अधिक के अनुसार तीनों बिन्दुओं पर लगाए जाने वाले दस्तावेजों को लिख बोर्ड मुख्यालय और जोनल कार्यालय में लगाया जाए, साथ ही बोर्ड पर सभी जोनल अधिकारी का मोबाइल नंबर भी अंकित हो। यदि बोर्ड पर अंकित दस्तावेज से अधिक कोई कागज मांगता है या कोई अन्य डिमांड करता है तो लोग संबंधित नंबर पर शिकायत करें।
अभी की स्थिति
रोज छह जोनों में करीब तीन सौ से ज्यादा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आते हैं। एक से छह माह से ज्यादा समय से लोग जन्म मृत्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए चक्क र लगा रहे हैं।
महापौर ने पिछले माह जोन चार के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय में छापा मारा था कई प्रमाण पत्र के दस्तावेज पड़े मिले थे। नाराजगी जताई थी और पूरा स्टाफ बदलने के निर्देश दिए थे।