ब्लिट्ज ब्यूरो
अहमदाबाद। गुजरात की जूनागढ़ महानगरपालिका समेत 68 में से 60 नगरपालिकाओं में भाजपा ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में कांग्रेस के कब्जे वाली करीब एक दर्जन नगरपालिका पर भी भाजपा की जीत हुई है। कांग्रेस महज एक नगरपालिका में जीत दर्ज कर सकी जबकि समाजवादी पार्टी ने दो नगरपालिकाअों पर कब्जा जमाया।
जूनागढ़ में कांग्रेस और आप कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
निकाय चुनाव की जीत के जश्न में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी शामिल हुए। जूनागढ़ में कांग्रेस और आप कार्यकर्ताओं के बीच विजय जुलूस के दौरान जोरदार झड़प हुई।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा ने अपनी जीत का रिकार्ड कायम रखते हुए कांग्रेस को पटखनी दे दी है। जूनागढ़ महानगरपालिका की 60 में से 48 सीट पर भाजपा विजयी हुई। इसके अलावा 68 नगरपालिकाओं में से 60 में भाजपा ने अपना परचम लहराया।
नरेन्द्र मोदी के गांव वडनगर में भी भाजपा की जीत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गांव वडनगर में भी भाजपा की जीत हुई। इस चुनाव में कांग्रेस देवभूमि द्वारका की महज एक सलाया नगरपालिका में जीत दर्ज कर सकी। यहां की 28 सीटों में से कांग्रेस ने 15 पर, आम आदमी पार्टी आठ सीट व पांच अन्य के खाते में दर्ज हुई। भाजपा को यहां एक भी सीट नहीं मिली।
गत 16 फरवरी को जूनागढ़ महानगरपालिका तथा 68 नगर पालिका के लिए मतदान हुआ था। मतदान का प्रतिशत कम रहने के कारण भाजपा व कांग्रेस दोनों ही दल चिंतित थे। लेकिन मंगलवार को परिणाम सामने आने के बाद भाजपा नेता खुशी से झूम उठे।