ब्लिट्ज ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के विकास को रफ्तार देने के लिए 2,264 करोड़ की 545 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। वह करीब साढ़े तीन घंटे तक शहर में रहे। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ मंडलीय बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
कई प्रस्तावों को मंजूरी देकर विकास को रफ्तार दी। बरेली कॉलेज मैदान में जनसभा का संबोधित किया। इससे पहले मंच पर खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र व चेक वितरित किए। बरेली दौर पर सीएम योगी का अलग अंदाज भी देखने को मिला। बरेली कॉलेज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया। बच्चों का दुलार भी किया।
कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सुपोषण जन जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को मुख्यमंत्री ने अन्नप्राशन कराया। उन्हें गोद में लेकर दुलार किया और खिलौने दिए। मुख्यमंत्री का दुलार पाने वाले बच्चों के माता-पिता बेहद खुश नजर आए।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिसमें विद्यार्थियों के बनाए विज्ञान मॉडलों का सीएम योगी ने अवलोकन किया। विद्यार्थियों से बात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्हें चॉकलेट भी दी। मुख्यमंत्री से मिलकर विद्यार्थियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।