ब्लिट्ज ब्यूरो
मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए उबर के साथ समझौता किया है। इस साझेदारी से यात्रियों को स्टेशन से घर या कार्यालय तक पहुंचने की सुविधा आसानी से मिल सकेगी।
समझौते के तहत उबर की कैब, ऑटो और दोपहिया सेवाएं न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ तक सभी परिचालित नमो भारत स्टेशनों पर उपलब्ध होंगी। भविष्य में कॉरिडोर के सभी 25 स्टेशनों के संचालन शुरू होने के बाद यह सुविधा पूरे मार्ग पर विस्तारित की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक स्टेशन पर अलग पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ प्वॉइंट तय किए गए हैं। यात्रियों को मार्गदर्शन देने के लिए स्टेशन परिसर में स्पष्ट साइनेज भी लगाए गए हैं।
यात्रियों को मिल सकती है विशेष छूट
एनसीआरटीसी के अनुसार आने वाले समय में उबर यात्रियों के लिए विशेष छूट योजनाएं भी ला सकता है। इससे अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे। यह पहल ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक होगी।
अधिकारियों का क्या कहना है?
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने इस साझेदारी को एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा, ‘उबर के साथ मिलकर हम यात्रियों को सुविधाजनक और एकीकृत यात्रा अनुभव दे पाएंगे। इस कदम से लोगों को निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।’
क्या बोले उबर इंडिया के हेड
वहीं, उबर इंडिया और साउथ एशिया के सप्लाई हेड मनीष बिंद्रानी ने कहा, भारत की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में योगदान देना हमारे लिए गर्व की बात है। हम हर यात्री की यात्रा को शुरुआत से अंत तक सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ट्रैफिक कम करने के लक्ष्यों को भी पूरा किया जा सकेगा।
डिजिटल सपोर्ट और इंटीग्रेशन
उबर की सेवाओं को नमो भारत स्टेशनों पर डिजिटल सपोर्ट मिलेगी। ऐप-आधारित वेफाइंडिंग, रीयल-टाइम जानकारी और ट्रेन/स्टेशन इंटीग्रेशन से यात्रियों का अनुभव और बेहतर होगा।