ब्लिट्ज ब्यूरो
गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया)। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट आइकन सर डॉन ब्रैडमैन द्वारा पहनी गई एक कीमती बैगी ग्रीन कैप 26 जनवरी को गोल्ड कोस्ट में एक नीलामी में 460,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 2.92 करोड़ रुपये) में बिकी। इसने खेल के सबसे मशहूर बल्लेबाजों में से एक की कैप के लिए एक नया बेंचमार्क सेट कर दिया है। बता दें ‘बैगी ग्रीन कैप’ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों द्वारा टेस्ट में पहनी जाने वाली टोपी को कहते है।
नीलामी जीतने वाले वाले ने अपना नाम जाहिर नहीं किया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कैप को एक म्यूजियम में रखा जाएगा, जिससे क्रिकेट प्रशंसक खेल की बेशकीमती कलाकृतियों में से एक को देख सकेंगे। यह कैप 1947-48 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज की है और खेल के महत्व से परे इसकी एक खास कहानी है। ब्रैडमैन ने यह कैप भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को व्यक्तिगत रूप से गिफ्ट की थी। सोहोनी के परिवार ने सात दशकों से ज्यादा समय तक इस कैप को बहुत सावधानी से सहेज कर रखा, इसे तीन पीढ़ियों तक सुरक्षित रखा। इतने ज्यादा साल गुजरने के बावजूद, कैप काफी अच्छी स्थिति में है। नीलाम हुई कैप के अंदर ‘ डीजी ब्रैडमैन ‘ और ‘ एसडब्ल्यू सोहोनी’ नाम हाथ से लिखे हुए हैं, जो इसकी प्रामाणिकता और आकर्षण को और बढ़ाते हैं।
































