ब्लिट्ज ब्यूरो
गांधीनगर। गुजरात में भाजपा ने महज 3 साल मेंसीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर लगभग पूरी सरकार बदल दी है। गुरुवार को 16 मंत्रियों से इस्तीफा लिया और शुक्रवार को 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।
कैबिनेट में 19 नए चेहरे हैं, जबकि पिछली बार के 6 मंत्री ही अपना पद कायम रख पाए हैं। वहीं, 8 ओबीसी, 3 एससी, 4 एसटी और 3 महिलाएं हैं। सीएम समेत 8 मंत्री पटेल समाज से हैं।
खास बात यह है कि हटाए गए मंत्रियों पर न तो कोई आरोप था और न कोई कानूनी केस। इसके बावजूद सरकार में बड़े फेरबदल को गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी माना जा रहा है।
सीएम पटेल ने मंत्रियों को विभाग बांट दिए। उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को फिर गृह विभाग मिला है। कनुभाई देसाई को वित्त और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को शिक्षा विभाग दिया गया है।
फेरबदल की वजह
स्ट्रेटेजिक रीसेट: भाजपा ने सभी 16 मंत्रियों से इस्तीफा मांगा, ताकि नया मंत्रिमंडल बनाने के लिए पूरी आजादी मिले।
कमजोर परफॉर्मेंस: कई मंत्रियों का प्रदर्शन कमजोर था। पार्टी उनकी जगह नए चेहरे लाना चाहती थी।
जातीय समीकरण: पिछली कैबिनेट में 16 मंत्री थे। भाजपा पटेल कम्युनिटी को ज्यादा जगह देना चाहती थी।
लोकल इलेक्शन: गुजरात में अगले कुछ महीनों में लोकल बॉडी चुनाव हैं। भाजपा बिसावदर विधानसभा उपचुनाव हारने के बाद नए चेहरों को मौका देना चाहती है।
ज्यादा नेताओं की हिस्सेदारी: गुजरात में अभी 16 मंत्री थे, जबकि कुल 182 विधानसभा सीटों का 15 प्रतिशत के हिसाब से मुख्यमंत्री के साथ 26 मंत्री हो सकते हैं।
हर्ष सिंघवी का प्रमोशन, जडेजा
की पत्नी भी मंत्री
सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली। उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। पिछली कैबिनेट में वे राज्य के गृह मंत्री थे। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को भी मंत्री बनाया गया है।
भूपेन्द्र का यह तीसरा मंत्रिमंडल होगा
भूपेन्द्र पहली बार सितंबर 2021 में सीएम बने थे। तब विजय रूपाणी को अचानक हटाकर भूपेंद्र पटेल को सीएम बनाया था। फिर विधानसभा चुनाव के बाद 12 दिसंबर 2022 को वह तीसरी बार सीएम और 16 विधायक मंत्री बने।
गुजरात सर्च कर रहे लोग
गुजरात में भूपेंद्र पटेल कैबिनेट का विस्तार हो गया है। इसके बाद लोग लगातार गुजरात के बारे में गूगल पर सर्च कर रहे है। पिछले कुछ दिनों का ग्राफ देखा जाए तो साफ समझ आता है कि गुजरात की सर्चिंग से जुड़ा ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ा है।































