ब्लिट्ज ब्यूरो
बेतिया। बिहार के बेतिया से अच्छी खबर है। चंपारण के लाल ने इसरो में अपने नाम का परचम लहराया है। योगापट्टी के मच्छरगांवा नगर पंचायत के सौरभ कुमार सिंह का प्रथम श्रेणी में वैज्ञानिक पद पर चयन हुआ है। दुनियाभर में चर्चित इसरो यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन में चंपारण के लाल का प्रथम श्रेणी के एयरोनाटिक इंजीनियर पद चयन हुआ है। दूसरे प्रयास में उनका चयन हुआ है। सौरभ कुमार सिंह अपने घर आए तो गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। सड़क पर रंगोली बनाई गई और बैंड बाजे से स्वागत हुआ। घर वाले मिठाई खिला एक दूसरे को बधाई दे रहे थे। इस पल को उत्सव की तरह माता पिता व परिवार वाले मना रहे थे।
मां शशिकला देवी, पिता रणजीत सिंह अपने पुत्र की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे थे। माता पिता ने अपने बेटे की इस उपलब्धि को उसके कठिन परिश्रम का फल बताया वहीं सौरभ कुमार सिंह इसे माता- पिता व दादा का आशीर्वाद बताया। बता दें कि सौरभ कुमार सिंह की हाई स्कूल की शिक्षा मच्छर गांवा आदर्श हाई स्कूल से हुई फिर वह देहरादून चले गए।
सौरभ कुमार सिंह उत्तराखंड के ग्राफिक एयरो यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में प्रथम श्रेणी में डिस्टिंक्शन के साथ बीटेक किया। इस रिजल्ट के आधार पर उसका चयन आईआईटी दिल्ली में एमटेक के लिए हुआ। जहां से अगले करीब तीन माह में उसे मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री मिलने वाली है।
सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि अब तक के उसके उम्दा करियर को लेकर देश और विदेश से भी उसको अनेक ऑफर आए हैं लेकिन मेरा संकल्प बीते करीब एक दशक में अनेक महत्वपूर्ण अंतरिक्ष अनुसंधान को नई ऊंचाई देने वाले इसरो का सदस्य बनने का था ताकि पूरी दुनिया में कामयाबी का परचम लहरा रहे इसरो का सदस्य बन कर मैं भी अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों को और ऊंचाई देने में अपना अधिकतम योगदान दे सकूं।