ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की भूमिका की महाराष्ट्र बीजेपी ने प्रशंसा की है। महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि विपक्षी पार्टी के नेता कह रहे थे कि शिंदे नाराज हैं, लेकिन शिंदे ने साफ कर दिया है कि उनके लिए राज्य के लोगों का हित ही सर्वोपरि है। महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एकनाथ शिंदे की भूमिका को सराहा। बता दें कि एकनाथ शिंदे ने एलान किया है कि वह मुख्यमंत्री पद को लेकर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व जो भी फैसला लेगा, उसे स्वीकार करेंगे।
महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मैं महायुति के हमारे नेता, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को धन्यवाद देता हूं। विपक्षी दलों के नेताओं ने एकनाथ शिंदे जैसे निपुण व्यक्ति के व्यक्तित्व पर सवाल उठाने की कोशिश की, लेकिन महायुति के नेता के रूप में शिंदे ने प्रेस के माध्यम से महाराष्ट्र के लोगों और राज्य के सभी लोगों के सामने अपनी स्थिति बहुत स्पष्ट रूप से व्यक्त की।
शिंदे ने राज्य के विकास के लिए काम किया है। हम पहले से ही उनके काम को देख रहे हैं। चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि जब फड़णवीस मुख्यमंत्री थे, तब शिंदे ने अच्छा काम किया था।
बावनकुले ने कहा ने कहा कि शिंदे ने इस महाराष्ट्र को आगे ले जाने के लिए काम किया। शिंदे जैसा मजबूत मुख्यमंत्री मिला। उन्होंने अपने काम से महाराष्ट्र को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने मराठा आरक्षण, ओबीसी आरक्षण, सामाजिक न्याय, सामाजिक समानता, आदिवासियों के लिए काम किया।