ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाब की मिनर्वा अकादमी एफसी ने स्पेन में मेडिटेरेनियन इंटरनेशनल कप (एमआईसी) 2026 के राउंड ऑफ 16 में लिवरपूल एफसी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। यह जीत भारतीय फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मोहाली की टीम ने विश्व फुटबॉल की सबसे चर्चित अकादमियों में से एक के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है।
राज रहे मैच के हीरो
यह मैच मिनर्वा की एनर्जी और एग्रेसिव खेल स्टाइल के कारण हो पाया। मिनर्वा का लिवरपूल डटकर मुकाबला नहीं कर सका। राज सिंह मैच के हीरो बनकर उभरे। उन्होंने इंग्लैंड की डिफेंस कमियों का फायदा उठाते हुए शानदार हैट्रिक लगाई। मोहम्मद आजम खान ने दो गोल दागे और लिशम अमरसन सिंह ने एक गोल किया।
यह जीत बेहद खास
एमआईसी कप में भाग लेने वाला पहला भारतीय क्लब बनने के बाद उन्होंने कनाडा की ब्रेव्स पर 3-0 की जीत हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने आसानी से अपने ग्रुप में टॉप स्थान हासिल किया। हालांकि, लिवरपूल एफसी के विरुद्ध ताजा जीत बेहद खास है। भारतीय युवा प्रतिभा में यूरोपीय दिग्गज टीमों को भी मात देने की क्षमता है।
टीम पर सभी की निगाहें
मिनर्वा अकादमी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के साथ ही यह प्रदर्शन एक मजबूत इरादे का संकेत है। यह सिर्फ एक जीत की बात नहीं है, बल्कि यह भारत में जमीनी स्तर पर विकसित हो रही रणनीतिक अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रमाण है। अब फुटबॉल जगत की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भारतीय टीम स्पेन में अपने शानदार प्रदर्शन को कितना आगे बढ़ा सकती है।
प्रतिष्ठित युवा फुटबॉल टूर्नामेंट
मेडिटेरेनियन इंटरनेशनल कप विश्व के सबसे प्रतिष्ठित युवा फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है। अपनी स्थापना के बाद से यह प्रतियोगिता प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अपनी स्किल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करती रही है। इसमें अक्सर एफसी बार्सिलोना, रियल मैड्रिड, मैनचेस्टर यूनाइटेड और लिवरपूल जैसे क्लबों की युवा अकादमियां भाग लेती हैं।
मिनी वर्ल्ड कप माना जाता
इसे अंडर-12 से अंडर-19 एज ग्रुप के लिए एक तरह से ‘मिनी वर्ल्ड कप’ माना जाता है। लियोनेल मेसी, नेमार और कैसिमिरो जैसे बड़े फुटबॉल दिग्गज इस टूर्नामेंट में भाग ले चुके हैं।












