ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। दिवाली के अवसर पर मुंबई पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को उनकी खोई हुई या चोरी गई संपत्ति वापस लौटाने का काम किया है। मुंबई पुलिस के पुलिस आयुक्त देवेन भारती तथा सह-पुलिस आयुक्त (अपराध व सुरक्षा) के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे शहर में संचालित किया गया। इस विशेष मुहिम के तहत पिछले एक सप्ताह में कुल 4,169 नागरिकों को उनकी मूल्यवान वस्तुएं वापस की गईं ं। इनमें मोबाइल फोन, चार पहिया और दोपहिया वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप से लेकर चोरी हुए बस सहित अन्य कीमती चीजें शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार, वापस की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 18,98,51,016 रुपये है। मुंबई पुलिस आयुक्त भारती ने कहा कि नागरिकों का भरोसा बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
100 या 112 पर संपर्क करें
जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 100 या 112 पर संपर्क करें। मुंबई पुलिस का यह कदम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने वाला माना जा रहा है और लोग इसे मुंबई पुलिस का दिवाली गिफ्ट समझकर कर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं। इस अभियान को लेकर मुंबई के नागरिकों में भी खुशी और विश्वास की लहर देखी जा रही है। जिन लोगों को अपनी खोई हुई या चोरी गई वस्तुएं वापस मिलीं, उन्होंने मुंबई पुलिस की सराहना की और इसे दिवाली का सबसे अनमोल तोहफा बताया। इस तरह की पहल से न केवल जनता का भरोसा पुलिस पर और मजबूत होता है, बल्कि अपराधियों के मन में भी कानून का डर कायम रहता है।































